इंडोनेशिया के जावा द्वीप पर सोमवार को भूकंप के तेज झटके लगे। भूकंप के इन झटकों से पूरा इंडोनेशिया हिल गया और जान माल के नुकसान की भारी खबर है। सोमवार को लगे भूकंप के झटकों में 46 लोगों की मौत हुई है, जबकि 300 लोग घायल हुए हैं। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.4 मापी गई है।भूकंप का केंद्र पश्चिम जावा प्रांत के सियांजुर क्षेत्र में केंद्रित बताया गया। इसकी गहराई धरती के नीचे 10 किलोमीटर (6.2 मील) थी। भूकंप के झटकों से तकरीबन एक दर्जन इमारतें धराशाई हो गईं। सियांजुर जिले के स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि घरों सहित दर्जनों इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।सोशल मीडिया पर भूकंप की कुछ वीडियो शेयर की जा रही हैं। वीडियो में टूटी हुई इमारतें, घर और मलबा नजर आ रहा है। सरकारी प्रशासन ने लोगों को अभी घरों से दूर रहने की सलाह दी है। जिन घरों में दरारें आई हैं या जिनपर गिरने का खतरा मंडरा रहा है ऐसे घरों और इमारतों में प्रवेश ना करने को कहा गया है। जकार्ता में एम्बुलेंस के सायरन लगातार सुनाई दे रहे हैं। इंडोनेशिया सरकार की क्विक रिस्पॉन्स टीम हालात पर नजर रख रही है। जकार्ता में कई ऊंची इमारतें तीन मिनट से अधिक समय तक के लिए हिलती रहीं। भूकंप के बाद कुछ इमारतों को खाली करा लिया गया है।फरवरी में यहां 6.2 तीव्रता का भूकंप आया था। 25 लोग मारे गए थे। 460 घायल हुए थे। इससे पहले शुक्रवार को इंडोनेशिया जकार्ता में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। जिसके बाद लोग अपने-अपने घरों से बाहर दौड़ पड़े थे। इसकी गहराई जमीन के अंदर 20 किमी तक बताई गई थी।