बहादुरगढ़/प्रदीप धनखड़: भारत की मिट्टी से लंदन में जाट भवन बनने वाला है। अंग्रेजों की धरती पर जाट भवन बनाने की मुहिम तेजी से चल रही है। जाट भवन बनाने की मुहिम के अगुवा बने हुए हैं बहादुरगढ़ के रोहित अहलावत। रोहित अहलावत ने 13 साल पहले लंदन की धरती पर जाट मेले की शुरूआत की थी। लंदन के जाट मेले से ही लंदन में जाट भवन बनाने का आईडिया भी आया। इसके बाद 'जाट संस्था यूके' की स्थापना की गई । जाट भवन की नींव के लिए भारत की मिट्टी लेने के लिए रोहित अहलावत लंदन से भारत भी आए। खापों ने मिलकर लंदन के जाट भवन के लिए मिट्टी दी है। अब इस मिट्टी से पांच ईंटे बनाई जाएंगी। इन्हें लंदन के जाट भवन की नीवं में लगाया जाएगा। रोहित अहलावत ने बताया कि लंदन में 500 से ज्यादा जाट परिवार रह रहे हैं जो इस समय जाट समाज यूके से जुड़े हुए है। लोगों को जोड़ने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप के साथ वेबसाईट भी बनाई गई है, इसके जरिए अंग्रेजों की धरती पर बसे भारतीयों को एकजुट भी किया जाता है। रोहित ने बताया कि जाट मेले के लिए हर बार किसी ने किसी दूसरी संस्था का भवन किराए पर लेना पड़ता था। कई बार भवन नहीं मिल पाता था, जिसके कारण खुद अपना भवन बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि भारत की मिट्टी से बनने वाले जाट भवन लंदन में भारत और भारतीय संस्कृति का प्रतीक बनेगा।रोहित अहलवात लंदन में पिछले 13 साल से रह रहे हैं। लंदन में रहते हुए भारतीय परिवारों को एकसाथ लेकर भारतीय संस्कृति से जुड़ा मेला पिछले 5 साल से लगा रहे हैं। यही नहीं ऑनलाईन फ्री कोचिंग भी भारतीय छात्रों को देने का काम किया जा रहा है।