अंबाला/कृष्ण बाली: शहर के पालिका विहार के नजदीक एक बंद पड़ी बिल्डिंग में कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। इसकी सूचना जैसे ही पुलिस को मिली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कंकाल को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। कंकाल लगभग 5 से 6 महीने पुराना बताया जा रहा है। जानकारी देते हुए एसएचओ राम कुमार ने बताया कि पालिका विहार के नजदीक एक निर्माणधीन बिल्डिंग में एक कंकाल पड़ा हुआ है, जिसमें जांच करने पर पता चला कि ये कंकाल एक पुरुष का है और 5 से 6 महीने पुराना है। फिलहाल कंकाल को जांच के लिए भेजा गया है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि ये कंकाल किसका है। पुलिस ने कंकाल की शिनाख्त के लिए जांच शुरू कर दी है। कंकाल की शिनाख्त के लिए पुलिस हाल ही में लापता लोगों का रिकॉर्ड खंगाल सकती है। इससे कंकाल के बारे में कुछ जानकारी मिल सकती है। पहचान होने पर पुलिस इसकी डीएनए जांच कर सकती है।