New Update
आज महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कुरूक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
राष्ट्रपति सबसे पहले पुरुषोतमपुरा बाग में आयोजित होने वाले श्रीमदभगवद गीता पूजन में भाग लेंगे और गीता यज्ञ में पूर्णाहुति डालेंगे तथा करीब 400 विद्यार्थियों के साथ गीता पाठ में भाग लेंगे। इसके बाद 48 कोस की परिक्रमा, सरस्वती हैरिटेज तथा हरियाणा स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। ब्रहमसरोवर के कार्यक्रमों के बाद गीता ज्ञान संस्थानम में गीता शोध केन्द्र की आधारशिला रखेंगे। इसके उपरांत महामहिम राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमदभगवद गीता सदन के सभागार में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का उदघाटन करेंगे।
महामहिम राष्ट्रपति के साथ हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी, हिमाचल के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित प्रदेश के कई कैबिनेट मंत्री, सांसदगण, विधायकगण तथा प्रशासनिक अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित होंगे।-