Tue, Apr 23, 2024
Whatsapp

पीएम मोदी ने ऊना रेलवे स्टेशन से चौथी वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, अब 3 घंटे के अंदर चंडीगढ़ से दिल्ली

Written by  Vinod Kumar -- October 13th 2022 10:39 AM -- Updated: October 13th 2022 12:22 PM
पीएम मोदी ने ऊना रेलवे स्टेशन से चौथी वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, अब 3 घंटे के अंदर चंडीगढ़ से दिल्ली

पीएम मोदी ने ऊना रेलवे स्टेशन से चौथी वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, अब 3 घंटे के अंदर चंडीगढ़ से दिल्ली

 4th Vande Bharat train: पीएम नरेंद्र मोदी ने आज ऊना रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई वंदे भारत ट्रेन हिमाचल प्रदेश के अंब-अदौरा से नई दिल्ली के बीच तक चलेगी। 19 अक्टूबर से लोग इस ट्रेन की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

इस ट्रेन से चंडीगढ़ और दिल्ली के बीच का सफर भी आसान हो जाएगा। वंदे भारत महज 2 घंटे 50 मिनट में चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचाएगी। नई वंदे भारत ट्रेन की अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रतिघंटा है। अभी शताब्दी एक्सप्रेस चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच यात्रा में करीब साढ़े तीन घंटे का समय लेती है। वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली-ऊना का सफर लगभग साढ़े पांच घंटे में ही पूरा कर लेगी। यह ट्रेन अंबाला, चंडीगढ़ और आनंदपुर साहिब स्टेशन पर दो मिनट के लिए रुकेगी।



वंदे भारत देश की सबसे तेज गति से चलने वाली ट्रेन है। बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन यह ट्रेन चलेगी। यह देश की चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन है। इससे पहले नई दिल्ली से वाराणसी, नई दिल्ली से कटरा, गुजरात के गांधीनगर से मुंबई सेंट्रल के बीच 3 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई जा रही हैं। अगले साल 15 अगस्त तक केंद्र सरकार ने 75 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का लक्ष्य रखा है।



वंदे भारत ट्रेन कई सुविधाओं से लैस है। इस ट्रेन में जीपीएस इन्फ्रॉर्मेशन सिस्टम, ऑटोमैटिक स्लाइडिंग डोर, वैक्यूम आधारित बायो टॉयलेट, सीसीटीवी कैमरे समेत और कई सुविधाएं हैं। इसके तहत हर कोच में चार इमरजेंसी विंडो जोड़े जाने से अधिक सुरक्षा मिलेगी। नेक्‍स्‍ट जनरेशन वाली वंदे भारत 2.0 ट्रेन 'कवच' (ट्रेन कोलिजन अवॉइडेंस सिस्टम) की सुविधा से भी लैस है।


Top News view more...

Latest News view more...