पक्की नौकरी की मांग कर रहे 500 कंप्यूटर ऑपरेटरों पर चली लाठियां....विरोध में कर्मचारियों ने किया पथराव....

By  CHOHAN January 8th 2018 10:54 AM

करनाल में कंप्यूटर प्रोफेशनल्स का विरोध प्रदर्शन रविवार को अचानक तेज हो गया। ये कर्मचारी सरकार से नियमितीकरण और वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। रविवार को ये सीएम खट्टर के कैंप कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे और सीएम से मिलने का समय मांग रहे थे लेकिन इस दौरान पुलिस ने इन्हें रोक लिया। इसके बाद हंगामा बढ़ गया और पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इतना ही नहीं पुलिस ने इन पर वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया जिसके बाद आरोप है कि कर्मचारियों ने जवाबी पथराव पुलिस पर किया।

आपको बता दें कि कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ हरियाणा के बैनर तले रविवार को प्रदेशस्तरीय 500 कच्चे कर्मचारियों सेक्टर-12 के फव्वारा पार्क में एकत्रित हुए और ओएसडी के आवास का घेराव की रणनीति बनाई। पुलिस ने भी बेरिकेट्स लगा दिए। राज्य प्रधान हवा सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए कर्मचारी बेरिकेट्स तक पहुंचे। नायब तहसीलदार राज बक्श ने कच्चे कर्मचारियों को समझाते हुए 10 फरवरी को सीएम से मिलाने का आश्वासन दिया। लेकिन कर्मचारी इसी माह मुख्यमंत्री से मिलने की बात पर अड़ गए।

वहीं पुलिस का आरोप है कि जब उन्होंने कर्मचारियों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। इसके जवाब में पुलिस ने वाटर कैनन चलवाया और लाठियां भांजी। पुलिस ने कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पुलिस ने एक महिला समेत 9 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

Related Post