किसान के बेटे ने मेहनत के दम पर हासिल किया बड़ा मुकाम, ISRO में बतौर वैज्ञानिक हुआ चयन

By  Vinod Kumar June 4th 2022 05:01 PM

भिवानी/किशन सिंह: अगर हौसले बुलंद हो और इंसान हिम्मत रखें तो मंजिल को हासिल किया जा सकता है। कुछ ऐसे ही बुलंद हौसलों ने एक गरीब किसान के बेटे को इसरो तक पहुंचा दिया है। भिवानी जिले के गांव डूडीवाला निवासी अमित शर्मा ने अपनी मेहनत के बूते पर बतौर वैज्ञानिक इसरो में जगह बनाई है।

अमित शर्मा ने गांव में ही स्थित सरस्वती विद्या विहार आसलवास दुबिया 12वीं तक शिक्षा हासिल की। बच्चपन से ही उनका सपना वैज्ञानिक बनकर देश सेवा करने का था। इसी सपने को साकार करने के लिए पिता ने कर्ज लिया तो स्कूल के प्रबंध निदेशक ने भी समय-समय पर सहायता की। अमित शर्मा की मेहनत का परिणाम है कि उन्होंने इसरो में जगह बनाई।

इसरो में वैज्ञानिक चुने जाने पर स्कूल पहुंचे अमित शर्मा का विद्यार्थियों, स्कूल स्टाफ, स्कूल प्रबंधन द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक राजवीर सिंह ने विद्यार्थी की यादों को ताजा किया तो अमित शर्मा ने भी अपनी उपलब्धियों का श्रेय विद्यालय स्टाफ व अपने माता पिता को दिया।

प्रबंध निदेशक राजवीर सिंह के अनुसार इंसान हिम्मत के बूते पर कुछ भी हासिल कर सकता है तो वहीं दूसरी ओर अमित शर्मा ने बताया कि किस्मत कम काम करती है और मेहनत ज्यादा काम करती है। इंसान को मेहनत पर विश्वास करना चाहिए। अमित शर्मा का कहना है कि स्पेस में बहुत सारी संभावनाएं हैं तथा वह इस क्षेत्र में देश के लिए काम करना चाहता हैं।

Related Post