मुंबई में उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे समेत 2 नेताओं पर केस दर्ज, जानिए क्या है मामला

उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे पर मुंबई पुलिस ने केस दर्ज किया है। मुंबई के एनएम जोशी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

By  Deepak Kumar November 18th 2023 10:33 AM
मुंबई में उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे समेत 2 नेताओं पर केस दर्ज, जानिए क्या है मामला

ब्यूरोः उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे पर मुंबई पुलिस ने केस दर्ज किया है। मुंबई के एनएम जोशी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में आदित्य ठाकरे के साथ  उद्धव ठाकरे गुट के 2 नेता सुनील शिंदे और सचिन अहीर भी हैं, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। 

ये है मामला

जानकारी के अनुसार डिलाइल रोड ब्रिज लेन के उद्घाटन के सिलसिले में आदित्य ठाकरे के साथ अन्य दो नेता सुनील शिंदे और सचिन अहीर पर केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि मुंबई नगर निगम ने इस पुल का काम पूरा करने और डिलाइल रोड पर काम पूरा होने के बाद 7 दिनों के बाद लेन शुरू करने की योजना बनाई थी। 

गुरुवार देर रात को वरली से विधायक आदित्य ठाकरे, मुंबई के पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर और स्नेहल अंबेकर, वर्ली के पूर्व विधायक सचिन अहीर और सुनील शिंदे ने लोअर परेल के डिलाइल ब्रिज पुल का उद्घाटन कर दिया। इस ब्रिज के उद्घाटन का NOC नहीं मिला है। 

डिलाइल रोड ब्रिज लेन का उद्घाटन गैरकानूनी

इस मामले में मुंबई नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह से डिलाइल रोड ब्रिज लेन के उद्घाटन करना गैरकानूनी है। उधर, उद्धव गुट के नेताओं ने कहा कि लोगों की दिक्कतें हो रही थी। इसलिए इस ब्रिज को खोल दिया है, ताकि लोगों की दिक्कतों का हल हो सके। ब्रिज का प्रस्तावित उद्घाटन से पहले खोलने पर एनएम जोशी पुलिस स्टेशन में आदित्य ठाकरे, सुनील शिंदे और सचिन अहीर के खिलाफ आईपीसी की धारा 143, 149, 326 और 447 के तहत केस दर्ज किया गया है।  

शिवसेना प्रवक्ता किरण पावस्कर ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) जब सत्ता में थे, तो वे घर बैठे थे और घर बैठने से कोई काम नहीं हो सकता था। उन्होंने ब्रिज को लेकर कहा कि हमें बताया गया कि अंतिम चरण में कुछ काम बाकी है, इसलिए इसे नहीं खोला गया। ये राजनीतिक नहीं बल्कि तकनीकी और इंजीनियरिंग के फैसले हैं। जल्दबाजी में ब्रिज को समय से पहले खोलने से लोगों की जान को खतरा हो सकता है।

Related Post