Sat, Mar 7, 2026
Whatsapp

"टटिहरी" गाने पर पर घिर गए बादशाह, देर रात डिलीट किया गाना, जींद में दो FIR दर्ज

रैपर बादशाह का नया हरियाणवी ट्रैक "टटिहरी" रिलीज के बाद जबरदस्त विवादों में घिर गया। महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के सेक्शुअलाइजेशन को लेकर उठी आलोचनाओं के बीच सोशल मीडिया पर गाने के अश्लील लीरिक्स और वीडियो की कड़ी निंदा हुई।

Reported by:  PTC News Desk  Edited by:  Baishali -- March 07th 2026 02:45 PM

"टटिहरी" गाने पर पर घिर गए बादशाह, देर रात डिलीट किया गाना, जींद में दो FIR दर्ज

ब्यूरो: रैपर बादशाह का नया हरियाणवी ट्रैक "टटिहरी" रिलीज के बाद जबरदस्त विवादों में घिर गया। महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के सेक्शुअलाइजेशन को लेकर उठी आलोचनाओं के बीच सोशल मीडिया पर गाने के अश्लील लीरिक्स और वीडियो की कड़ी निंदा हुई। बढ़ते विरोध और सवालों के बाद बादशाह ने देर रात यह गाना अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया। इससे पहले हरियाणा राज्य महिला आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए उन्हें समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था।

आलोचकों की मानें तो मेनस्ट्रीम म्यूजिक में महिलाओं को वस्तु की तरह पेश करने की प्रवृत्ति और कम उम्र की लड़कियों को आकर्षण का केंद्र बनाने का ट्रेंड लगातार चिंता का विषय बनता जा रहा है। जिसे लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है। वहीं, जींद में दो एफआईआर भी दर्ज किए गए हैं। 


जींद जिले में बादशाह के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहला मामला हरियाणा रोडवेज की बस का बिना अनुमति इस्तेमाल करने को लेकर दर्ज हुआ है। इस संबंध में हरियाणा रोडवेज जींद के महाप्रबंधक राहुल जैन ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दी है। उन्होंने एफआईआर में कहा है कि, "गाने में हरियाणा राज्य परिवहन की बस अथवा किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली लीज बस का इस्तेमाल किया गया है, जबकि इसके लिए विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई।"

शिकायत में यह भी कहा गया कि किसी सरकारी विभाग की बस, नाम, चिह्न या पहचान का बिना अनुमति किसी व्यावसायिक वीडियो या गीत में इस्तेमाल करना नियमों के खिलाफ है। महाप्रबंधक राहुल जैन ने इस बारे में कहा कि, "गाने में लड़कियों के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इससे परिवहन विभाग की छवि धूमिल हुई है" उन्होंने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

दूसरी एफआईआर नरवाना सदर थाने में दर्ज कराई गई है। यह शिकायत सच्चा खेड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की मुख्य अध्यापिका शीला ने दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गाने की शूटिंग के लिए स्कूल भवन का इस्तेमाल बिना किसी अनुमति के किया गया। शीला ने शिकायत में कहा, "स्कूल परिसर में शूटिंग से पहले प्रशासन या स्कूल से कोई अनुमति नहीं ली गई। गाने में इस्तेमाल की गई भाषा से बालिकाओं के मान-सम्मान को ठेस पहुंची है।"

इस पूरे मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी पूजा देवी ने बताया कि, "पुलिस ने रैपर बादशाह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया के खिलाफ शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

- PTC NEWS

Top News view more...

Latest News view more...

PTC NETWORK
PTC NETWORK