अब किसानों को नहीं जलानी पड़ेगी पराली, पराली निस्तारण संयंत्र का उद्घाटन करेंगे दुष्यंत
इस संयंत्र में पराली का उपयोग कर बिजली व गैस का उत्पादन किया जाएगा। बचे अवशेष का प्रयोग जैविक खेतों में खाद के रूप में किया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के तहत करीबन एक करोड़ लागत से स्थापित इस संयंत्र में 2500 क्विंटल पराली खपाने की क्षमता है। इसकी सफलता से हरियाणा के अन्य हिस्सों में भी इस प्रकार के संयंत्र स्थापित करने के रास्ते खुलेंगे और किसानों को पराली जलाने की नौबत नहीं आएगी।
विदित रहे दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश में किसानों द्वारा पराली जलाने के मुद्दे को बतौर सांसद बड़ी गंभीरता से लिया था और उन्होंने सांसद रहते हुए पराली को खेत में ही खत्म करने के लिए हिसार लोकसभा क्षेत्र के किसानों के लिए जैविक डि-कंपोजर खरीदने की वकालत की थी। प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री बनते ही दुष्यंत चौटाला की पहल पर भाजपा-जेजेपी गठबंधन सरकार ने किसानों को डि-कंपोजर उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। पराली निस्तारण संयंत्र की स्थापना भी इस दिशा में उठाया गया एक सुखद परिणाम वाला कदम साबित होगा।
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौ. चरण सिंह की तांबे की 9 फीट मूर्ति का भी डिप्टी सीएम करेंगे अनावरण
किसान दिवस के मौके पर चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय परिसर में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पूर्व प्रधानमंत्री व किसान नेता स्व. चौ. चरण सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे। जयपुर के कलाकारों द्वारा तांबे से तैयार की गई इस प्रतिमा की उंचाई 9 फीट है और इसे हकृवि के प्रशासनिक भवन के सामने स्थापित किया जाएगा। हकृवि परिसर में इतने बड़े आकार में स्थापित होने वाली चौ. चरण सिंह की यह पहली प्रतिमा है। इससे पहले आईजी ऑडिटोरियम के सामने पूर्व उप-प्रधानमंत्री व किसानों के मसीहा स्व. चौ. देवीलाल की आदमकद प्रतिमा स्थापित है। किसान दिवस समारोह में प्रदेशभर से हजारों किसान भी शिरकत करेंगे। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला प्रत्येक जिले से कृषि व पशुपालन क्षेत्र में उल्लखेनीय काम करने वाले किसानों को भी सम्मानित करेंगे और किसानों से रूबरू होंगे। इसके अलावा हकृवि परिसर स्थित जैविक कृषि केंद्र का भी दौरा करेंगे।
यह भी पढ़ें: लो जी! प्याज और चटनी नहीं दी तो बदमाशों ने होटल पर बोल दिया हमला
---PTC NEWS---