पंजाब-हरियाणा में और बढ़ेगा तापमान, हिमाचल चंडीगढ़ में गर्मी से मिल सकती है राहत
IMD ने बताया है कि मौसम विज्ञान की नजर से 50 डिग्री सेल्सियस संभव है। चूंकि, मई का महीना सबसे गर्म महीना होता है, इसलिए पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस को भी छू सकता है। हालांकि, ऑल टाइम हाई रिकॉर्ड नहीं है। अधिकतम तापमान 52.6 डिग्री सेल्सियस तक जा चुका है।
गर्मी से अभी राहत की उम्मीद नहीं
कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. योगेश कुमार ने बताया कि करनाल में शुक्रवार का तापमान 42.8 डिग्री रहा। पिछले आंकड़ों से तुलना करें तो 1941 के बाद तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है। वहीं रेवाड़ी में रिकॉर्ट टूटा है। गर्मी ने पिछले 30 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अभी हरियाणा और पंजाब में गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। चंडीगढ़ और हिमाचल में लोगों को आने वाले दिनों में कुछ राहत मिल सकती है।
ऐसा रहेगा आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज
चंडीगढ़ : मौसम विभाग के मुताबिक, 2 से 5 मई के बीच शहर में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, बादल भी छा सकते हैं। मौसम विभाग के डायरेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि शहर का तापमान आने वाले दिनों में ऐसा ही बना रहेगा।
हिमाचल : पिछली बार बारिश को लेकर जारी पूर्वानुमान बेअसर साबित हुआ। फिलहाल मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल में 3 मई तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान कुछ एक इलाकों में आंधी और तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 4 मई को बहुत से क्षेत्रों में बारिश होने का पूर्वानुमान है।
पंजाब : पूरे राज्य में गर्म हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार तक तामपान और बढ़ेगा। हवा में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है। जिस तरह से हवा में ज्यादा प्रदूषण है उसका असर तापमान पर भी पड़ रहा है। प्रदेश में तापमान 45 डिग्री की ओर बढ़ रहा है।
हरियाणा : अभी तापमान और भी बढ़ेगा। इसके पीछे मौसम वैज्ञानिकों ने दो कारण बताए हैं। एक तो पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों तक रुका हुआ है और दूसरा एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन राजस्थान के आसपास बना हुआ है। इससे आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक ऊपर जाएगा।