H3N2 influenza: हरियाणा और कर्नाटक से आई H3N2 इन्फ्लुएंजा से मौत की खबर

एक व्यक्ति की मौत हरियाणा और दूसरे की कर्नाटक में हुई है। माना जाता है कि कर्नाटक के हासन में 82 वर्षीय किराए गौड़ा नाम का व्यक्ति देश में H3N2 से मरने वाले पहले व्यक्ति है।

By  Shivesh jha March 10th 2023 08:25 PM

H3N2 वायरस के कारण होने वाले इन्फ्लूएंजा से दो लोगों की मौत हो गई है। एक व्यक्ति की मौत हरियाणा और दूसरे की कर्नाटक में हुई है। माना जाता है कि कर्नाटक के हासन में 82 वर्षीय किराए गौड़ा नाम का व्यक्ति देश में H3N2 से मरने वाले पहले व्यक्ति है।

अधिकारियों के अनुसार किराए गौड़ा को 24 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 1 मार्च को उनकी मृत्यु हो गई।

हरियाणा में 56 वर्षीय रोगी फेफड़े के कैंसर का रोगी था जिनका रिपोर्ट H3N2 के लिए पोसेटिव पाया गया था। खबरों के मुताबिक उनका बुधवार को जींद स्थित उनके घर में निधन हो गया। देश में H3N2 वायरस के लगभग 90 मामले सामने आए हैं। एच1एन1 वायरस के आठ नए मामलों का भी पता चला है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि मार्च के अंत तक मामलों में कमी आने की उम्मीद है। यह भी कहा कि हम ट्रैकिंग कर रहे हैं और संक्रमण पर कड़ी नजर बनाये हुए हैं।

पिछले कुछ महीनों में देश में फ्लू के मामले बढ़ रहे हैं। अधिकांश संक्रमण H3N2 वायरस के कारण होते हैं, जिसे 'हांगकांग फ्लू' के रूप में भी जाना जाता है।

भारत में अब तक केवल H3N2 और H1N1 संक्रमण का पता चला है। दोनों में कोविड जैसे लक्षण हैं, जिसने दुनिया भर में लाखों लोगों को संक्रमित किया और 68 लाख लोगों की मौत हुई। महामारी के दो साल बाद बढ़ते फ्लू के मामलों ने लोगों में चिंता पैदा कर दी है।

इसके लक्षणों में लगातार खांसी, बुखार, ठंड लगना, सांस फूलना और घरघराहट शामिल हैं। मरीजों ने गले में खराश, शरीर में दर्द और दस्त की भी सूचना दी है। ये लक्षण लगभग एक सप्ताह तक बने रह सकता हैं। विशेषज्ञों के अनुसार वायरस अत्यधिक संक्रामक है और संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने और निकट संपर्क से फैलता है।

Related Post