हरियाणा में जीत के बाद विधायकों के कड़े रुख, ढांडा बोले कांग्रेस का पानी भरने वालों को बख्शेंगे नहीं, गोकुल सेतिया ने कहा - बंदे बन जाओ
हरियाणा की पानीपत ग्रामीण सीट से विधायक बने महिपाल ढांडा ने कड़े तेवर दिखाए हैं। विधायक ढांडा ने विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की मदद करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है।
ब्यूरोः हरियाणा की पानीपत ग्रामीण सीट से विधायक बने महिपाल ढांडा ने कड़े तेवर दिखाए हैं। विधायक ढांडा ने विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की मदद करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है। महिपाल ढांडा ने कहा कि उन्हें बख्शा नहीं जाएगा, जो विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की मदद कर रहे थे।
मीडिया से बात करते हुए महिपाल ढांडा ने कहा, "प्रशासन में कुछ लोगों ने अपना रवैया बदल लिया था। कुछ अधिकारियों ने भी अपना रवैया बदल लिया था। मैं 15 साल में पहली बार यह कहता हूं: बख्शेंगे नहीं, जिन्होंने धोखा दिया, गलत व्यवहार किया और बेईमानी की थी।" महिपाल ढांडा सिर्फ यहीं नहीं रुके, उन्होंने अधिकारियों को लेकर कहा कि लोगों को लग रहा था कि राज्य में कांग्रेस सरकार आने वाली है। ढांडा ने फिर कहा, "शायद इसलिए वो पानी भरने चले गए थे, पानी भरने वालों को माफ नहीं किया जाएगा।"
आपको बता दें कि पानीपत ग्रामीण से महिपाल ढांडा तीसरी बार जीत कर आए हैं। वो साल 2014 और साल 2019 के विधानसभा चुनाव में भी इस सीट से जीत चुके हैं। इस बार ढांडा ने 50 हजार 212 वोटों से जीत दर्ज की है। इस सीट से कांग्रेस की तरफ से सचिन कुंडू खड़े थे।
सत्ता में इस बार भी वापसी नहीं कर पाने वाली कांग्रेस के विधायक भी अफसरों को सख्त मैसेज दे रहे हैं। सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने विधायक बनते ही गुरुवार को अधिकारियों को सख्त मैसेज दिया है। सेतिया ने तहसीलदार को फोन कर पटवारी की शिकायत की। गोकुल सेतिया ने कहा कि पटवारी इंतकाल के लिए बार-बार चक्कर लगवा रहे थे। लेकिन अब मेरे विधायक बनने के बाद ऐसा नहीं चलने वाला है। गोकुल सेतिया ने कहा, "इन्हें बोल दो, बंदे बन जाओ, अब इस तरीके से काम नहीं चलेगा।"