Haryana: CM नायब सिंह सैनी करनाल से उम्मीदवार घोषित, लोकसभा के साथ विस उप-चुनाव के लिए भी भाजपा तैयार

By  Rahul Rana March 27th 2024 07:57 PM

ब्यूरो: हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से चुनावी मैदान में उतर चुकी है। प्रदेश में भाजपा ने सबसे पहले लोकसभा के दस प्रत्याशियों के नाम घोषित किए, अब साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी करनाल विधानसभा से उप-चुनाव मैदान में उतार दिया है। फिलहाल नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र लोकसभा से सांसद हैं। उनके लिए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल विधानसभा से इस्तीफा दिया था। 

आपको बता दें कि नायब सिंह सैनी बिना विधानसभा सदन के सदस्य बने 6 महीने मुख्यमंत्री के पद पर रह सकते हैं। ऐसे में 11 सितंबर से पहले या तो उन्हें किसी सीट से चुनाव लड़कर विधायक बनना होगा या फिर सीएम का पद छोड़ना होगा। इसी के चलते पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सीट छोड़ दी थी और विधायकी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद यहां नायब सिंह सैनी का नाम पहले से ही तय था, जिसकी अब घोषणा कर दी है। 
 
अगर वे चुनाव नहीं लड़ते तो एक विकल्प यह होता कि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें और फिर दोबारा शपथ ग्रहण करें या फिर किसी और को शपथ दिलाई जाए। विधानसभा भंग कर समय से पहले चुनाव कराना भी संभव थे। हरियाणा की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 2 नवंबर 2024 तक है।

Related Post