PTC News
Search
🔍 Search

आधुनिक शिक्षा के साथ सांस्कृतिक विरासत का परचम लहराएं युवा : सुख्खू

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक शिक्षा में दक्ष होने के साथ हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत का परचम विश्व भर में लहराने का आह्वान किया।

By  Jainendra Jigyasu March 5th 2023 08:41 PM

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक शिक्षा में दक्ष होने के साथ हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत का परचम विश्व भर में लहराने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकी शिक्षा को पाठ्यक्रम से जोड़ कर युवाओं को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की बात कही। 

मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय में हिमाचल स्टूडेंट्स यूनियन द्वारा आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘हिमाचल एक झलक’ को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए ये बाते कही। हिमाचल सीएम ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को राज्य और इसके नागरिकों के कल्याण के लिए लगाने का आह्वान किया। उन्होंने ने इस अवसर पर अपने छात्र और राजनीतिक जीवन की यादों को साझा किया।

मुख्यमंत्री ने सरकार द्वार जनहित के लिए की गई कई पहलों को गिनाया। उन्होंने शिक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए लिए गए निर्णयों, वर्ष 2025 तक हिमाचल को देश का पहला 'हरित ऊर्जा' राज्य बनाने के उपाय, अगले तीन वर्षों में पूरे राज्य में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की योजना आदि के बारे में विस्तार से बताया।

सीएम ने इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए छात्र संघ को तीन लाख रुपये की राशि देने की भी घोषणा की और हिमाचल छात्र संघ की एक पत्रिका का विमोचन किया।

छात्र संघ के अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने कार्यक्रम अध्यक्ष व मुख्यमंत्री का स्वागत एवं सम्मान किया तथा उन्हें संघ की गतिविधियों से अवगत कराया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) धर्म चंद चौधरी, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर सहित अन्य गण्यमान्य  इस अवसर पर उपस्थित रहे।

Related Post