कमर्शियल जहाज पर हमले के बाद भारतीय नौसेना का बड़ा कदम, अरब सागर में 3 युद्धपोत किए तैनात
ब्यूरोः भारतीय कमर्शियल जहाज एमवी केम प्लूटो पर ड्रोन हमले के बाद भारतीय नौसेना ने समुद्री सुरक्षा बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नौसेना ने पी-8आई लंबी दूरी के गश्ती विमान को निगरानी का काम सौंपा गया है, जबकि 3 युद्धपोतों, यानी आईएनएस मोर्मुगाओ, आईएनएस कोच्चि और आईएनएस कोलकाता को अरब सागर में निवारक उपस्थिति बनाए रखने के लिए क्षेत्र में रणनीतिक रूप से तैनात किया गया है।
बता दें एमवी केम प्लूटो पर हालिया हमला अरब सागर में कमर्शियल जहाजों से जुड़ी घटनाओं की एक श्रृंखला का हिस्सा है। रिपोर्टों से पता चलता है कि ईरान समर्थित हौथी आतंकवादी इजरायल-हमास संघर्ष के बीच लाल सागर और अदन की खाड़ी में जहाजों को निशाना बनाने के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। वहीं, हमले के बावजूद एमवी केम प्लूटो को मुंबई में इसके कंपनी प्रभारी द्वारा आगे के संचालन के लिए मंजूरी दे दी गई है।
पेंटागन ने किया ये खुलासा
पेंटागन के एक प्रवक्ता ने खुलासा किया कि एमवी केम प्लूटो पर हमला ईरान से दागे गए एकतरफा हमले वाले ड्रोन द्वारा किया गया था। जवाब में घटना का व्यापक विश्लेषण करने के लिए विभिन्न एजेंसियों को शामिल करते हुए एक संयुक्त जांच शुरू की गई है।
23 दिसंबर को हुआ था हमला
बता दें शनिवार यानी 23 दिसंबर को पोरबंदर से लगभग 217 समुद्री मील की दूरी पर 21 भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले कमर्शियल जहाज पर एक ड्रोन हमला किया गया था, जिसके बाद भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल ने जहाज को सहायता करने के लिए कई पोत तैनात किये। जहाज दोपहर को करीब 3:30 बजे मुंबई तट पर पहुंचा। मुंबई के रास्ते में भारतीय तटरक्षक जहाज आईसीजीएस विक्रम ने उसकी सुरक्षा की।
-