Delhi Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर बना गैस चैंबर, AQI गिरकर 328 पर पहुंचा

दिल्ली के आईटीओ इलाके में धुंध की एक परत छा गई है, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गिरकर 295 पर आ गया है, जिसे 'खराब' श्रेणी में रखा गया है।

By  Deepak Kumar October 22nd 2024 12:04 PM

ब्यूरोः दिल्ली के आईटीओ इलाके में धुंध की एक परत छा गई है, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गिरकर 295 पर आ गया है, जिसे 'खराब' श्रेणी में रखा गया है। दिल्ली के आस-पास के इलाकों में भी एक्यूआई गिरकर 328 पर आ गया है, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गया है। 

सीपीसीबी के अनुसार, ठंड के मौसम के शुरू होने के साथ ही प्रदूषण के सभी रूप दिल्ली पर अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं, शहर में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है, हालांकि पिछले वर्षों की तुलना में इस साल पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई है। आनंद विहार, बवाना, द्वारका, जहांगीरपुरी, मुंडका, नरेला, पटपड़गंज, रोहिणी, शादीपुर, सोनिया विहार और वजीरपुर जैसे स्टेशन रेड जोन में बने हुए हैं।

आईआईटी-कानपुर के प्रोफेसर एस एन त्रिपाठी की ओर से हाल ही में किए गए अध्ययन के अनुसार, पिछले सप्ताह दिल्ली की वायु गुणवत्ता में गिरावट आई है और AQI लगातार खराब श्रेणी में आ रहा है। यह गिरावट पिछले 3 हफ्तों में अपेक्षाकृत बेहतर वायु गुणवत्ता की संक्षिप्त अवधि के बाद आई है। विशेषज्ञ मौसमी परिवर्तनों और पराली जलाने में वृद्धि को प्रदूषण के स्तर में वृद्धि के लिए जिम्मेदार मान रहे हैं। जीआरएपी या ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के दूसरे चरण के तहत, दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में कोयले और जलाऊ लकड़ी के साथ-साथ डीजल जनरेटर सेट के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। 

सर्दियों के करीब आने के साथ ही दिल्लीवासियों को सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच को मध्यम, 201 से 300 के बीच को खराब, 301 से 400 के बीच को बहुत खराब और 401 से 500 के बीच को गंभीर माना जाता है।

Related Post