सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के पीएसओ को यूपी पुलिस ने हिरासत में लिया, ये है पूरा मामला

By  Vinod Kumar November 15th 2022 01:13 PM

मथुरा/ज्ञानेंद्र शुक्ला: मध्य प्रदेश की बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर के पीएसओ को वृंदावन पुलिस ने हिरासत में लिया है। दरअसल कुछ दिन पहले वृंदावन के मोतीझील स्थित भूरी वाला आश्रम में कब्जे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ था। इस संघर्ष में आश्रम के महंत दर्शनानंद समेत कई लोग गंभी रूप से घायल हुए थे।  

आश्रम के महंत दर्शनानंद से मिलने के लिए मध्य प्रदेश की बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर वृंदावन पहुंची थीं। यहां आश्रम के नजदीक रहने वाले नागेंद्र महाराज की पत्नी से उनका विवाद हो गया। नागेंद्र महाराज की पत्नी पर बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने भद्दी गालियां और उन पर गुंडों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।

नागेंद्र महाराज की पत्नी ने भी सांसद प्रज्ञा ठाकुर पर गुंडागर्दी करने और उनके पीएसओ पर पिस्टल तानने और अभद्र गालियां देने का आरोप लगाते हुए वृंदावन पुलिस से शिकायत की। वृंदावन पुलिस मौके पर पहुंची और सांसद के पीएसओ को हिरासत में ले लिया ।

सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने बताया कि नागेंद्र महाराज की पत्नी ने उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां दीं, जिसके बाद पुलिस में भी शिकायत की, लेकिन उनके पीएसओ को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज के साथ-साथ थाना प्रभारी और सीओ की कार्यशैली संदिग्ध है।

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने आरोप लगाया कि वृंदावन के भागवत कथा वाचक नागेंद्र महाराज अपनी गाड़ी पर हूटर लगा कर गुंडागर्दी करते हैं। पुलिस को अपने प्रभाव में ले रखा है। भूरी  वाला आश्रम में भी हुई घटना में यह पूरी तरह संदिग्ध हैं। नागेंद्र पर 307 और बलात्कार का आरोपी भी है।


Related Post