महाराष्ट्र में टीन शेड पर पेड़ गिरने से 7 लोगों की मौत, 30 घायल

महाराष्ट्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां एक टीन के शेड पर पेड़ गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई है।

By  Rahul Rana April 10th 2023 10:43 AM


ब्यूरो: महाराष्ट्र के अकोला में कल यानि बीते रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां एक टीन के शेड पर पेड़ गिर जाने से 7 लोगों की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में अब तक 30 लोग घायल हो चुके हैं। यह सभी लोग जिनकी संख्या 40 बताई जा रही है वह महाराज संस्थान में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। 


जिसके बाद देर शाम करीब 7 बजे तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए सभी लोग टीन के शेड के नीचे खड़े हो गए। उसी समय एक नीम का पेड़ उखड़कर शेड पर जा गिरा और मौके पर ही 4 लोगों की मौत हो गई। 



घटना की सूचना मिलते ही मौके पर प्रशासन और बचाव-राहत का काम शुरू हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन सुबह 3 बजे तक चला। मलबे को हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इलाज के दौरान 3 लोगों ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। 


पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर में रविवार के दिन शाम की आरती और दर्शनों के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी। बरिश से बचने के लिए 40 से 50 लोग टीन के शेड में खड़े हो गए। उस समय यह हादसा हो गया। 


घटना की जानकारी मिलने के बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। 

 

Related Post