WFI विवाद: गलत करने वाले को मिलेगी सजा, समझौते की कोई गुंजाइश नहीं-योगेश्वर दत्त
कुश्ती महिला खिलाड़ियों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पर लगे यौन उत्पीडन के आरोपों की जांच के लिए सात सदस्यीय कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया है। सात सदस्यीय कमेटी में ओलंपिक मेडल विजेता योगेश्वर दत्त को भी शामिल किया गया है। इस मामले पर योगेश्वर दत्त ने पीटीसी से खास बातचीत की है।
रोहतक/सुरेंद्र सिंह: कुश्ती महिला खिलाड़ियों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पर यौन उत्पीडन का आरोप लगाते हुए जंतर-मंतर पर धरना दिया था। खेल मंत्रालय के साथ कल बातचीत के बाद सभी आरोपों की जांच के लिए सात सदस्यीय कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया है।
सात सदस्यीय कमेटी में ओलंपिक मेडल विजेता योगेश्वर दत्त को भी शामिल किया गया है। पीटीसी न्यूज से खास बातचीत में भारतीय पहलवान योगेश्वर दत्त ने कहा भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा ने इस मामले में कमेटी बनाई है। यह कमेटी दोनों पक्षों से बात कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी, जो गंभीर आरोप लगे हैं, उसमें समझौते की गुंजाइश नहीं होती, जिसने गलत किया उसको सजा मिलेगी।
योगेश्वर दत्त ने कहा कि बृजभूषण पर यौन शौषण के आरोप लगे हैं मैं तीन दिन से इसी बयान पर कायम हूं कि यौन शौषण मामले में समझौता संभव नहीं है। हर फेडरेशन में एक यौन हिंसा की कमेटी होती है। साक्षी मलिक खुद इसकी सदस्य रही हैं और यह बात पहले क्यों सामने नहीं आई है। पूरे मामले की रिपोर्ट हम ओलंपिक संघ और खेल मंत्रालय के साथ साथ पीएम को भेजेंगे।
बता दें कि भारतीय कुश्ती महासंघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ लगे यौन शोषण के आरोपों की अब जांच की जाएगी। इसके लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इस समिति का गठन भारतीय ओलिंपिक संघ ने किया है। समिति के सदस्यों में मैरी कॉम, योगेश्वर दत्त, डोला बनर्जी, अलकनंदा अशोक, सहदेव यादव और दो वकील भी शामिल हैं।