ऋतुराज गायकवाड़ में एक ओवर में लगातार लगाए 7 छक्के, क्रिकेट इतिहास में ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज

By  Vinod Kumar November 28th 2022 02:36 PM -- Updated: November 28th 2022 02:52 PM

भारतीय बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड (Ruturaj Gaikwad)  ने विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy) में आज इतिहास रच दिया।  विजय हजारे ट्रॉफी में महाराष्ट्र की ओर से खेल रहे ऋतुराज गायकवाड़ ने एक ओवर में लगातार सात छक्के लगाकर 42 रन ठोक दिए। क्रिकेट इतिहास में ये कीर्तिमान रचने वाले ऋतुराज पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

विजय हजारे ट्रॉफी में यूपी के खिलाफ खेलते हुए ऋतुराज ने पारी के 49वें ओवर में स्पिनर शिवा सिंह को लगातार सात छक्के लगा दिए। उन्होंने इस मैच में 159 गेंदों पर 220 रन बनाए। इस पारी में गायकवाड ने 10 चौके और 16 छक्के लगाए। उनकी टीम ने 50 ओवरों में 330 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

2007 टी-20 विश्व कप में युवराज सिंह ने इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड को एक ओवर में 6 छक्के लगाए थे, जबकि उनसे पहले भारत के पूर्व कोच और ऑलराउंडर खिलाड़ी रवि शास्त्री ने घरेलू क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाए थे। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गायकवाड़ ने कारनामा किया है। 

एक ओवर में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड (लिस्ट-ए क्रिकेट)

43 रन: ऋतुराज गायकवाड़ – महाराष्ट्र बनाम उत्तर प्रदेश, नवंबर 2022 (भारत) 

 43 रन: बी. हैम्पटन और जे. कार्टर- नॉर्दन डिस्ट्रिक्ट बनाम सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट, नवंबर 2018 (न्यूजीलैंड

महाराष्ट्र के 25 साल के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स से खेलते हैं। इसके साथ ही वो वनडे और टी-20 फॉर्मेट में डेब्यू कर चुके हैं। ऋतुराज 1 वनडे, 9 टी-20 मैच खेल चुके हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में 69 मैचों 55 की औसत से 3538 रन बना चुके हैं। 

Related Post