लुधियाना की फैक्ट्री में गैस लीक होने से बच्चों समेत अब तक 11 लोगों की मौत, इलाका सील

लुधियाना में जहरीली गैस लीक होने का मामला सामने आया है। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक दूध की फैक्ट्री से गैस लीक हुई है। जिससे कई लोग बेहोश हो गए।

By  Rahul Rana April 30th 2023 11:36 AM

ब्यूरो : लुधियाना में गैस लीकेज का मामला सामने आया है। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक दूध की फैक्ट्री से गैस का रिसाव हुआ है। जिससे कई लोग बेहोश हो गए। अब तक 11 लोगों के मरने की भी खबर है । मरने वालों में तीन बच्चे बताए जा रहे हैं। हालांकि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। क्योंकि अस्पताल में भर्ती कुछ लोगों की हालत गंभीर है।


वहीं एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। इससे पहले पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। घटना गियासपुर इलाके की बताई जा रही है। एक दर्जन से अधिक लोग बेहोश मिले। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है।



आपको बता दें कि गोयल मिल्क प्लांट नाम की इस फैक्ट्री में बड़ी-बड़ी कंपनियों के डेयरी उत्पाद प्राप्त होते हैं और आगे सप्लाई होते हैं। हालांकि अभी गैस रिसाव के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फैक्ट्री प्रबंधकों से भी बात की जा रही है।



जानकारी के मुताबिक दूध को ठंडा करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली गैस लीक हो गई है। गैस रिसाव के कारण 300 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। एनडीआरएफ, पुलिस, दमकल और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई है और बेहोश लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।


लुधियाना वेस्ट एसडीएम स्वाति ने कहा कि यह केवल गैस लीकेज का मामला है। एनडीआरएफ की टीम यहां पहुंच गई है। लोगों को बचाने का काम किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक तकनीकी टीम जांच के बाद गैस लीक के स्रोत का खुलासा करेगी। विशेषज्ञों की टीम यह भी बताएगी कि यह कौन सी गैस है।



मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी हादसे पर दुख जताया और ट्वीट में लिखा, 'लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में फैक्ट्री में गैस रिसाव की घटना बेहद दुखद है..पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं।' संभावित मदद की जा रही है..बाकी जानकारी जल्द ही..' 

Related Post