आंध्र प्रदेश के तिरुपति में बस हादसे का शिकार, 7 लोगों की मौत...40 से अधिक घायल
आंध्र प्रदेश के पास चित्तूर जिले में देर रात एक दर्दनाक हादसा पेश आय़ा है। इस घटना में सात से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। घटना बस के खाई में गिरने के कारण हुई। बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे। 40 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना बस चालक की गलती के कारण हुई है।
घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। राहत कार्य शुरू हुआ। पुलिस और प्रशासन की टीम के साथ रेस्क्यू टीमें भी मौके पर पहुंची। रात में अंधेरा होने से राहत कार्य में परेशानी हुई। हालांकि रविवार तड़के तक रेस्क्यू कार्य पूरा कर लिया गया था।
रेस्क्यू के कुछ ही देर में टीम ने 7 मृत और 46 घायल लोगों को निकाला। घायलों को फौरन पास के अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में 1 और शख्स को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। 5 की हालत गंभीर बनी हुई है।
तिरुपति के पुलिस अधीक्षक के अनुसार, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के धर्मावराम निवासी शादी के पूर्व सगाई के कार्यक्रम के लिए करीब 52 लोग इस बस में सवार होकर तिरुपति जा रहे थे। रास्ते में ड्राइवर की लापरवाही की वजह से बस पहले चट्टान से टकराई और फिर 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी।