रोहतक/सुरेंद्र सिंह: हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह पर महिला कोच ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इसके बाद संदीप सिंह चारों तरफ से घिरे हुए हैं। आज पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उन्हें बर्खास्त की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी हरियाणा की महिला विंग ने रोहतक में प्रदर्शन किया।आम आदमी पार्टी की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनु कादियान की अगुवाई में महिलाओं ने थाली बजाओ बीजेपी जगाओ के तहत प्रदर्शन किया। अनु कादियान ने संदीप सिंह को मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग करने के साथ साथ उन पर कार्रवाई करते हुए सजा की मांग की है। आम आदमी पार्टी महिला मोर्चा ने सरकार को चेतवानी दी है कि अगर सरकार ने उनको बर्खास्त करने के साथ साथ उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की तो आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ सड़कों पर आंदोलन करेगी।अनु कादियान ने कहा कि पूर्व खेल मंत्री ने इंटरनेशनल महिला खिलाड़ी और कोच का यौन उत्पीड़ने किया है। अब तक उनके खिलाफ हुई कार्रवाई से हम संतुष्ट नहीं हैं। सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करती तो हमें प्रदर्शन की जरूरत नहीं पड़ती। मुख्यमंत्री अब तक उनके बचाव में ही बयान दे रहे हैं। हमारी मांग है कि संदीप सिंह को उनके पद से बर्खास्त किया जाए। जब तक महिला कोच को न्याय नहीं मिल जाता है हमारा आंदोलन ऐसे चलता रहेगा, जो लड़की मेडल लाना जानती है वे मुंह तोड़ कर जवाब देना भी जानती है।