गुटबाज़ी की आहट के बीच बीजेपी ने खेला तुरूप का पत्ता, विरोधी गुट के नेताओं को साथ लगाकर बनाए गए 29 संयोजक !
ब्यूरो: निकाय चुनाव में भाजपा ने 10 नगर निगमों समेत 29 निकायों में संयोजक लगा दिए हैं। इनके माध्यम से प्रत्येक ज़िले में विरोधी गुट के नेताओं को भी साथ में रखा गया है।
हिसार नगर निगम में सांसद नवीन जिंदल के साथ उनके धुर विरोधी पूर्व मंत्री कमल गुप्ता को संयोजक बनाया है। नवीन जिंदल को हिसार के साथ-साथ थानेसर नगर परिषद की भी जिम्मेदारी दी गई है। यहां सुभाष सुधा उनके साथ रहेंगे।
यहां देखिए ज़िला संयोजकों की लिस्ट:
इसी तरह अंबाला नगर निगम में मंत्री अनिल विज के साथ उनके धुर विरोधी रहे पूर्व मंत्री असीम गोयल को लगाया गया है। जबकि अंबाला सदर नगर परिषद में सिर्फ विज को ही जिम्मेदारी दी गई है। गुरुग्राम में मंत्री राव नरबीर के साथ मुकेश शर्मा और मानेसर में मंत्री आरती राव व सत्य प्रकाश जरावता को संयोजक बनाया गया है। इस सूची से साफ ज़ाहिर है कि गुटबाज़ी को साधने की कोशिश की गई है.
इसी तरह फरीदाबाद में मंत्री विपुल गोयल और राजेश नागर को लगाया है। यहां केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर को शहर की राजनीति से दूर रखने का प्रयास किया गया है। जबकि पानीपत में कृष्ण लाल पंवार के साथ विधायक प्रमोद विज को लगाया गया है।
बात करें रोहतक की तो यहां अरविंद शर्मा के साथ मनीष ग्रोवर को लगाया गया है। सोनीपत में विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा के साथ विधायक निखिल मदान को जिम्मेदारी दी गई है। यमुनानगर में पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर के साथ घनश्याम दास अरोड़ा को संयोजक बनाया है। इसके अलावा कैप्टन योगेश बैरागी को जुलाना नगर परिषद की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा ने सिरसा नगर परिषद में गोपाल कांडा के साथ मंत्री कृष्ण बेदी को लगाया है। इसके अलावा सोहना नगर परिषद की जिम्मेदारी मंत्री गौरव गौतम और तेजपाल तंवर को सौंपी गई है। अंबाला की बराड़ा नगर पालिका में संतोष सारवान और बवानी खेड़ा में विधायक कपूर वाल्मीकि को संयोजक लगाया है। पूर्व विधायक बिशंभर वाल्मीकि को जाखल नगर पालिका की जिम्मेदारी दी गई है।
रुख करें रादौर का तो यहां कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, पुंडरी नगर पालिका में सतपाल जाम्बा, कलायत में पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, सीवन कुलवंत बाजीगर, इंद्री में विधायक रामकुमार कश्यप, नीलोखेड़ी में भगवान दास कबीरपंथी, हथीन में मंत्री गौरव गौतम व हरेंद्र रामरतन, खरखौदा में विधायक पवन खरखौदा, असंध में विधायक योगेंद्र राणा और इस्माइलाबाद में जयभगवान शर्मा को संयोजक लगाया गया है।
- PTC NEWS