जोधपुर में ईद की नमाज के बाद फिर पथराव की खबर, पुलिस ने किया लाठीचार्ज...इंटरनेट सेवा बंद
राजस्थान के जोधपुर शहर में बीती रात दो समुदायों के बीच हिंसक झड़पें हुई। जालोरी गेट पर झंडा उतार फेंकने व दूसरा झंडा लगाने को लेकर ये सारा विवाद शुरू हुआ। इसके बाद दोनों तरफ पथराव होना शुरू हो गया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर हालात काबू में किए। इसके साथ ही इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया।
वहीं, सोमवार सुबह फिर से पथराव की खबर सामने आई है, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। इससे पहले भी उपद्रवियों से निपटने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के भी गोले छोड़ने पड़े थे।
कहां से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल शहर के जालोरी गेट चौराहा पर मौजूद स्वतंत्रता सेनानी बाल मुकुंद बिस्सा की मूर्ति पर झंडा लगाने और सर्किल पर ईद से जुड़े बैनर लगाने से इस विवाद की शुरुआत हुई थी। हिंदू सगंठन वहां परशुराम का झंडा लगाना चाहते थे, जबकि दूसरा समुदाय ईद का झंडा लगाना चाहता था। इसके अलावा ईद की नमाज को लेकर चौराहे तक लाउडस्पीकर लगाने को लेकर नाराज लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इस दौरान हिंदू संगठनों ने नारेबाजी करते हुए झंडे बैनर को हटा दिए। इस दौरान दूसरे पक्ष इसका विरोध भी हुआ। वहीं, फिर दूसरा पक्ष भी सक्रिय हो गया और चौराहे पर कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद पथराव शुरू हुआ। भीड़ ने लाउडस्पीकर लगाए हुए उतार दिए। इधर, पुलिस ने भी उपद्रवियों को काबू करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।
फिल्हाल बवाल को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी हैं। कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने हालात की गंभीरता को देखते हुए पूरे जिले में अगले आदेश तक इंटरनेट सेवा सस्पेंड कर दी है।
वहीं, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने पूरी घटना की निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि जालौरी गेट पर दो गुटों में झड़प से तनाव पैदा होना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को हर कीमत पर शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. मैं सभी पक्षों से अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें एवं कानून-व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।