जानिए कब से बच्चों को लगेगी कोरोना वैक्सीन, AIIMS प्रमुख डॉ रणदीप गुलेरिया ने कही ये बात
नई दिल्ली। भारत में कोरोना के मामले लगातार कम हो रहे हैं लेकिन तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है। इस बीच खबर है कि भारत में बच्चों के लिए टीकाकरण अभियान सितंबर से शुरू हो सकता है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के प्रमुख डॉ रणदीप गुलेरिया ने इस बात के संकेत दिए हैं।
रणदीप गुलेरिया ने बताया कि कोरोना के चेन को तोड़ने के लिए बच्चों का टीकाकरण महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। मेरे विचार में जाइडस कैडिला ने ट्रायल कर लिए हैं और उन्हें आपातकालीन इस्तेमाल के लिए मंजूरी का इंतजार है।
वहीं भारत बायोटेक की कोवैक्सीन का ट्रायल भी बच्चों पर अगस्त या सितंबर तक पूरा हो सकता है। इसके अलावा फाइजर की वैक्सीन को अमेरिकी नियामक से आपातकालीन मंजूरी मिल चुकी है। इसलिए हमें उम्मीद है कि हम सितंबर तक बच्चों को टीका लगाने के अभियान में सफल हो जाएंगे।