महिलाओं का हौसला बढ़ाने के लिए नई शुरुआत, चरखी दादरी में महिला पुलिस कर्मी अब स्कूटी पर करेंगी पेट्रोलिंग
चरखी दादरी/प्रदीप साहू: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला पुलिस थाना में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मी व सामाजिक कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस दौरान हरियाणा पुलिस ने महिलाओं का हौसला बढ़ाने के लिए नई शुरुआत की है। महिला पुलिस कर्मियों को स्कूटी दी गई हैं। सीजेएम शिखा यादव ने महिला पुलिस कर्मियों को हरी झंडी दिखाते हुए स्कूटी यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद महिला पुलिस कर्मियों ने जागरूकता रैली निकालते हुए महिलाओं को उनके हकों के प्रति जागरूक किया। अब ये महिला पुलिसकर्मी स्कूटी पर गश्त करती दिखाई देंगी।
सीजेएम शिखा यादव ने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं को अपनी क्षमताएं पहचाननी होंगी। महिलाएं आत्मनिर्भर होकर आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं का सम्मान वर्तमान परिस्थिति में बेहद आवश्यक है। जहां नारी का सम्मान होता है वहां देवता निवास करते है। हर क्षेत्र में महिलाएं पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। पुरुषों को भी चाहिए कि वे महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।