Thu, Apr 25, 2024
Whatsapp

20 फीट लंबा दुनिया का सबसे बड़ा इंक पेन, बच्चों को पढ़ाएगा भी...सीसीटीवी से निगरानी भी करेगा

Written by  Vinod Kumar -- September 05th 2022 12:40 PM
20 फीट लंबा दुनिया का सबसे बड़ा इंक पेन, बच्चों को पढ़ाएगा भी...सीसीटीवी से निगरानी भी करेगा

20 फीट लंबा दुनिया का सबसे बड़ा इंक पेन, बच्चों को पढ़ाएगा भी...सीसीटीवी से निगरानी भी करेगा

सिरमौर/पराक्रम: दुनिया अजूबों से भरी पड़ी है। साथ ही कई लोग भी ऐसे हैंए जो कुछ नया और यूनिक बनाने की कोशिश में लगे रहते हैं। ऐसा ही एक अनोखा काम हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के अंतर्गत आने वाले नाहन विधानसभा क्षेत्र के एक शिक्षक ने कर दिखाया है। धौलाकुआं के राजकीय उच्च विद्यालय नौरंगाबाद के मुख्याध्यापक संजीव अत्री ने साउंड सेंसर वाला 20 फीट लंबा इंक पेन यानी स्याही वाला पेन बनाया है। दावा किया जा रहा है कि यह इंक पेन दुनिया का सबसे बड़ा पेन है। दरअसल ये कोई आम पेन नहीं है, बल्कि ये एक विशाल इंक पेन है, जिसे अकेले उठाने में किसी के भी पसीने छूट जाएंगे। क्या हैं इस पेन की खासियत? दरअसल हिमाचल प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में स्थित सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी किसी से छिपी नहीं है। लिहाजा ऐसे इलाकों में यह पेन इस कमी से भी निजात दिलाने में कारगार साबित होगा। हालांकि स्कूल प्रबंधन ने यह पेन अपने स्कूल के लिए तैयार किया है। मुख्याध्यापक संजीव अत्री ने बताया कि स्कूल की आपूर्ति के लिए तैयार किया गया यह इंक पेन 20 फीट लंबा पेन है, जोकि विश्व का सबसे लंबा इंक पेन होगा। तकरीबन 1 फीट चौड़े इस पेन का वनज करीब 41 किलो है। लकड़ी व लोहे से इस पेन को तैयार किया गया है। संजीव अत्री ने बताया कि टीचिंग और लर्निंग करवाने वाले इस पेन को एक स्किल के तहत तैयार किया गया है। पेन की विशेषता यह भी रहेगी कि यह पेन साउंड सेंसर से लैस है। मतलब यदि कोई शिक्षक अगले दिन अवकाश करने वाला है, तो संबंधित अध्यापक अपना लेक्चर रिकॉर्ड करके मोबाइल के माध्यम से स्कूल प्रबंधन के पास भेजेगा। इसके बाद साउंड सेंसर की मदद से संबंधित रिकॉर्ड लेक्चर को पेन में सेंड कर दिया जाएगा। अगले दिन बच्चों को पेन के समीप बिठाकर छुट्टी पर गए शिक्षक की आवाज में पढ़ाकर सेंसर अपना काम शुरू कर देगा। तीन भागों में बनाया गया है यह पेन संजीव अत्री ने बताया कि उक्त पेन को तीन भागों में बनाया गया है। पहला ढक्कन, दूसरा बीच का हिस्सा और तीसरे हिस्सा इसकी निब व कंगी वाला होगा। पेन की निब व कंगी लगभग ढाई फीट लंबी है। पेन के भीतर स्याही भरने का भी प्रावधान किया गया है। एक बेग में स्याही भरी जाएगी, जोकि एक पाइप के माध्यम से निब तक पहुंचेंगी। उन्होंने बताया कि संबंधित पेन से लिखा भी जा सकता है, लेकिन इसका भार अधिक होने की वजह से अकेले व्यक्ति को इसे उठाना मुश्किल है। मगर पेन को उठाकर जब कागज पर मूव किया जाएगा, तो वह लिख भी सकेगा। बच्चों पर रखेगा निगरानी, स्कूल का भी बनेगा पहरेदार संजीव अत्री ने बताया कि इस इंक पेन को स्कूल परिसर में स्थापित किया जाएगा। पेन में सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है, जिसका नियंत्रण स्कूल प्रबंधन के पास रहेगा। कार्यालय में बैठकर जहां स्कूल प्रबंधन परिसर में बच्चों पर नजर रख सकेगा, तो सीसीटीवी की मदद से यह पेन स्कूल की सुरक्षा में भी मददगार साबित होगा। यह भी है विशेषता, 45 हजार आई लागत स्कूल की अध्यापिका शालिनी ने बताया कि स्कूल में पीटीआई नहीं है, तो स्कूल में प्रार्थना सभा भी यह पेन करवाने में मदद करेगा। खाली पीरियड में पेन बच्चों को कहानी भी सुनाएगा। इस पेन से बच्चे गीत भी सुन सकते हैं। इस पेन को सौर ऊर्जा से चार्ज किया जा सकता है। ऐसे में रात को यह पेन रोशनी भी बिखेरने में सहायक साबित होगा। स्कूल के मुख्याध्यापक संजीव अत्री ने बताया कि पेन तैयार करने में तकरीबन 45,000 रुपये लागत आई है, जिसे स्कूल के 6 शिक्षकों ने अपने स्तर पर वहन किया है। स्कूल के बच्चों सद्दाम और जाकिर ने बतायाकि स्कूल में इस पेन का लगने से उन्हें पढ़ाई के साथ साथ कहानियां आदि भी सुनने को मिलेंगी। इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक नौरंगाबाद स्कूल में तैयार किए गए इंक पेन से पहले दुनिया का सबसे बड़ा बॉल पेन हैदराबाद के निवासी आचार्य मकुनुरी श्रीनिवासा ने तैयार किया था, जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकार्डस में भी दर्ज किया गया है। यह बॉल पेन 18 फीट लंबा था, जिसका वनज 37.23 किलोग्राम रहा। ऐसे में नौरंगाबाद स्कूल प्रबंधन का दावा है कि उनके द्वारा तैयार किया गया यह पेन दुनिया का सबसे बड़ा इंक पेन होगा। इसके लिए वह गिनीज वर्ल्ड रिकार्डस के लिए भी आवेदन करेंगे। उल्लेखनीय हैकि सरकारी स्कूल ने दूरदराज के गुज्जर बाहुल्य क्षेत्र में यह एक सार्थक प्रयास किया है जिससे शिक्षा के प्रति यहां पर लोगो का रुझान भी बढ़ेगा।


Top News view more...

Latest News view more...