दिल्ली में शिमला से भी ज्यादा ठंड, जानिए कैसा रहेगा आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों का मौसम

शुक्रवार को दिल्ली के कई इलाकों में शिमला से भी कम तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली के आया नगर में तापमान 1.8 °C रिकॉर्ड किया गया, जबकि शिमला का तापमान शुक्रवार को 2 °C के आस पास रहा। दिल्ली में यह सीजन का सबसे ठंडा दिन है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक अभी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।

By  Vinod Kumar January 6th 2023 11:05 AM

पूरे उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहर और कोहरे के कारण मैदानी इलाकों में पारा पहाड़ी क्षेत्रों से भी नीचे गिर गया है। शुक्रवार को दिल्ली के कई इलाकों में शिमला से भी कम तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली के आया नगर में तापमान 1.8 °C  रिकॉर्ड किया गया, जबकि शिमला का तापमान शुक्रवार को 2 °C  के आस पास रहा। 

दिल्ली में यह सीजन का सबसे ठंडा दिन है। दिल्ली में शुक्रवार को तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया था। आज दिल्ली का तापमान कल से भी नीचे लुढ़क गया है। इससे पहले 2021 में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, शीत लहर के बीच धुंध और कोहरे ने भी लोगों को मुश्किलों में डाल रखा है। कोहरे के कारण आज भी कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई।

वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक अभी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। विभाग के मुताबिक अगले 3 दिनों तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इससे धूप खिलने के आसार बिल्कुल नहीं हैं। ऐसे में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है। वहीं, 7 से 9 जनवरी के दौरान हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी होने की संभावना है। अगले 2-3 दिनों तक जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में बर्फबारी हो सकती है। 

इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली जैसे मैदानी में इलाकों में बारिश होने से ठंड और बढ़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अफगानिस्तान के पास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके कारण 7 से 9 जनवरी के बीच बारिश होने के आसार बन रहे हैं। यानी ठंड और बढ़ने वाली है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक भीषण शीत लहर चलने की संभावना है। 


Related Post