up weather update: यूपी में तेजी से बढ़ रही ठंड, आने वाले दिनों सर्दी ढाएगी और सितम

By  Vinod Kumar November 13th 2022 05:48 PM

लखनऊ/जय कृष्णा: यूपी में सर्दी अब तेजी से बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में उत्तर प्रदेश का बिजनौर और बरेली जिला सबसे ठंडा रहा। बिजनौर में न्यूनतम तापमान 12°C और बरेली में 12.3°C रिकॉर्ड किया गया। बिजनौर की बात करें तो 2 दिन में यहां तापमान में 12 डिग्री सेल्सियस गिरावट हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में गिरी बर्फ की वजह से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बढ़ती ठंडी का असर देखा जा रहा।

लखनऊ में मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया, कि अगले 24 घंटों में यूपी में मौसम और भी ज्यादा बदलेगा। 14 नवंबर की शाम या 15 नवंबर की सुबह से ठंड और बढ़ेगी। लखनऊ समेत तराई क्षेत्रों पर पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर होगा। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक सोमवार को यूपी में ठंड और तेजी से बढ़ने शुरू होगी जिन शहरों में अभी न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच है। वहां भी इसका असर देखने को मिलेगा और तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। कुछ जिलों में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच जाएगा।

वहीं, 18 और 20 नवंबर के बीच बारिश की संभावना है। 30 नवंबर तक दिन का पारा 29 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। अगले 15 दिनों में 16 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रात में रिकॉर्ड किया जा सकता है। नवंबर के पहले सप्ताह से लेकर दूसरे सप्ताह में यूपी का औसत पारा 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। 1 नवंबर को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। 11 नवंबर को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस था, जो कि 13 नवंबर को 18 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार भी 10 किलोमीटर प्रति घंटा से तेज चलेंगी। मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ जेपी गुप्ता ने बताया कि, प्रदेश भर में कोहरा रहेगा।, जिसकी वजह से ठंड बढ़ेगी साथ ही न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। अगले तीन-चार दिनों में न्यूनतम पारा 7 डिग्री तक गिरने के आसार हैं। सर्दी की दस्तक के साथ ही ट्रेनों की लेटलतीफी भी बढ़ गई है। ट्रेन कब आएगी, यात्री को इसकी सही जानकारी तक नहीं मिल पा रही है। 

Related Post