गोवा में 37वें राष्ट्रीय खेलों में खालसाई जाहो जलाल से हुआ गतका का शानदार आगाज, खेल मंत्री ने किया उद्घाटन

सिख मार्शल आर्ट खेल गतका पहली बार गोवा में चल रहे 37वें राष्ट्रीय खेलों में खेला गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित गोवा के खेल मंत्री गोविंद गौड़ा ने किया।

By  Rahul Rana November 1st 2023 01:34 PM

ब्यूरो: सिख मार्शल आर्ट खेल गतका पहली बार गोवा में चल रहे 37वें राष्ट्रीय खेलों में खेला गया।  इन प्रतियोगिताओं का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित गोवा के खेल मंत्री गोविंद गौड़ा ने किया। इस अवसर पर गोवा के डीजीपी सरदार जसपाल सिंह आईपीएस, जीटीसीसी के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा और गोवा गुरुद्वारा साहिब के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रयासों से इस खेल को राष्ट्रीय खेलों में शामिल किया गया है।  


इस अवसर पर बोलते हुए, गोवा के खेल मंत्री गोविंद गौड़ा ने कहा कि गतका एक ऐसा अनूठा खेल है जिसमें लड़के और लड़कियां बिना किसी भेदभाव के भाग लेते हैं और आत्मरक्षा से प्रेरित एक अनूठी कला के जौहर दिखाते हैं। गोवा के डीजीपी सरदार जसपाल सिंह आईपीएस ने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि गुरु साहिब के आशीर्वाद वाले इस विरासती खेल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव और राष्ट्रीय खेलों के प्रतियोगिता निदेशक बलजिंदर सिंह तूर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना गतका खिलाड़ियों और गतका प्रेमियों के लिए गर्व की बात है।  उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों द्वारा मार्च निकाला गया और पहले दिन के खेल में लड़के लड़कियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही सेमीफाइनल 1 नवंबर और फाइनल 2 नवंबर को होगा।


गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष हरचरण सिंह भुल्लर आईपीएस ने बताया कि गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया 2008 से गतका खेल की समृद्धि के लिए काम कर रही है और साल दर साल नई उपलब्धियां हासिल कर रही है।

डॉ. राजिंदर सिंह सोहल कार्यकारी अध्यक्ष गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि गोवा के पणजीम शहर में हो रही इन प्रतियोगिताओं में 11 राज्यों के 176 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। भाग लेने वाले राज्य पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और गोवा हैं।  इन प्रतियोगिताओं में 88 लड़के और 88 लड़कियां भाग लेंगे।  प्रतियोगिताओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया की 25 सदस्यीय रेफरी टीम पहले से ही वहां मौजूद है।


उन्होंने आगे कहा कि इस खेल को एशिया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए काम शुरू कर दिया गया है। इस कार्य को पूरा करने के लिए शीघ्र ही एशिया गतका कप तथा विश्व गतका कप का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर जारी एक सांझे बयान में डॉ राजेंद्र सिंह सोहल, बलजिंदर सिंह तूर और गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के सभी सदस्यों ने केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष मैडम पीटी उषा और जीटीसीसी के चेयरमैन अमिताभ शर्मा को इस खेल को राष्ट्रीय खेलों में शामिल करने के लिए विशेष धन्यवाद भी दिया गया।

Related Post