HP News: धर्मशाला में ‘व्यवस्था परिवर्तन का एक साल’ समारोह मनाएगी सुक्खू सरकार, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई दिग्गज होंगे शामिल

हिमाचल में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को आज पूरा एक साल हो गया। इसी को लेकर प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला में ‘व्यवस्था परिवर्तन का एक साल’ समारोह मनाएगी।

By  Deepak Kumar December 11th 2023 11:36 AM -- Updated: December 11th 2023 11:39 AM

ब्यूरोः हिमाचल में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को आज पूरा एक साल हो गया। इसी को लेकर प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला में ‘व्यवस्था परिवर्तन का एक साल’ समारोह मनाएगी। इस समारोह में कांगेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, हिमाचल मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला व सह प्रभारी तेजिंदर पाल सिंह बिट्टू,  सांसद प्रतिभा सिंह, रणदीप सिंह सुरजेवाला, अधीर रंजन विशेषातिथि होंगे। वहीं, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। 

समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान व शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित अधिकांश मंत्री देर शाम या रात धर्मशाला पहुंच गए।  कार्यक्रम और वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर धर्मशाला में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार सुबह अनाडेल से हैलीकॉप्टर से धर्मशाला के साई मैदान पहुंचेंगे। वहां से वह समारोह स्थल तक पदयात्रा कर लोगों का अभिवादन करते हुए पहुंचेगे। समारोह में जाने से पहले सीएम सुक्खू अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ शहीद स्मारक जाएंगे और शहीदों को श्रद्धासुमन भी अर्पित करेंगे। 

सुरक्षा व्यवस्था के किए पुख्ता इंतेजाम

इस कार्यक्रम में सीएम सुक्खू अपने मंत्रियों के साथ विशाल रैली करेंगे। इस रैली को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की है। इसको लेकर अन्य जिलों से भी पुलिस जवानों को बुलाया गया है। साथ में रैली और समारोह स्थल पर ड्रोन की मदद से भी निगरानी रखी जाएगी। कांगड़ा एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि समारोह को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Related Post