यूपी से पंजाब में ऑनलाइन सत्संग करेगा राम रहीम, SGPC ने पैरोल के खिलाफ की कोर्ट जाने की तैयारी

डेरा प्रमुख राम रहीम शनिवार को 40 दिन की पैरोल पर सुनारिया जेल से बाहर आया है। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के पैरोल पर बाहर आने के बाद एक बार फिर से डेरा की गतिविधिया तेज हो गई हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी राम रहीम की पैरोल का विरोध करने के लिए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का रुख करेगी।

By  Vinod Kumar January 28th 2023 01:37 PM

चंडीगढ़: डेरा प्रमुख राम रहीम शनिवार को 40 दिन की पैरोल पर सुनारिया जेल से बाहर आया है। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के पैरोल पर बाहर आने के बाद एक बार फिर से डेरा की गतिविधिया तेज हो गई हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी राम रहीम की पैरोल का विरोध करने के लिए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का रुख करेगी। 

बीते रविवार को हरियाणा में सफाई अभियान चलाने के बाद अब राम रहीम पंजाब के डेरा प्रेमियों के लिए बठिंडा के सलाबतपुरा में 29 जनवरी को ऑनलाइन सत्संग करेगा। डेरा प्रेमियों ने समागम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सलाबतपुरा हरियाणा के सिरसा डेरे के बाद दूसरा सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण डेरा है। राम रहीम पंजाब के डेरा प्रेमियों के लिए बरनावा डेरे से ऑनलाइन सत्संग करेगा। 

29 जनवरी को होने वाले इस सत्संग के लिए प्रशासन ने भी अनुमति दे दी है। वहीं, शाह सतनाम के जन्मदिवस पर 25 जनवरी को सिरसा में हुए समागम के दौरान दूसरे राज्यों से आने वाले अनुयायियों ने कहा था कि उन्हें सिरसा डेरे में आने से रोका गया था। इस पर राम रहीम ने जब अपने डेरा प्रबंधन से जवाब मांगा तो उन्होंने कहा था कि जगह की कमी की वजह से दूसरे राज्य के अनुयायियों को डेरे में आने से रोका गया था। इसके बाद राम रहीम ने इसी माह उनके राज्य में सत्संग करने के लिए कहा था। ये सत्संग केवल उनके राज्य की संगत के लिए ही होगा।  

वहीं, SGPC ने सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम को बार-बार दी जा रही पैरोल का विरोध किया है। एसजीपीसी ने इसके खिलाफ पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में जाने का फैसला किया है। जन्मदिन पर रामरहीम ने तलवार से केक काटा था। एसजीपीसी ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि कृपाण सिख आस्था से जुड़ी है। कृपाण से केक काटकर सिखों की आस्था को ठेस पहुंचाई गई है।

वहीं, जनवरी को राम रहीम ने हरियाणा में सफाई अभियान चलाया था। इस अभियान की शुरूआत राम रहीम ने ऑनलाइन की थी। इस अभियान में बीजेपी के नेता भी जुड़े थे। राम-रहीम को बार बार पैरोल मिलने पर हरियाणा-बीजेपी सरकार पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। 

Related Post