देश में आतकंवाद कांग्रेस की पैदावार, कश्मीर की समस्या भी इन्हीं की देन: विज
हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने एक बार फिर कांग्रेस पर हमला बोला है। विज ने आतंकवाद के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही कश्मीर की समस्या को भी कांग्रेस की देन बताया।
अनिल विज ने कहा कि देश में आतंकवाद कांग्रेस की पैदावार है। कश्मीर से लगातार कश्मीरी पंडितों का पलायन व उन पर हमला होने के सवाल पर विज ने कहा कि कांग्रेस का कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने का जो फार्मूला धारा 370 बनाने का था यह उसकी पैदावार है।
विज ने कहा कि कांग्रेस में देश पर सालों तक राज किया और कश्मीर की जो समस्या है वह कांग्रेस की देन है। उन्होंने कहा कि भाजपा के साल दो साल या फिर पांच साल राज करने से कुछ नहीं हुआ। विज ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह राज किया यह उसका नतीजा है।
पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ द्वारा कांग्रेस को छोड़ दिए जाने के सवाल पर अनिल विज ने कहा कि रोशनी तो सभी को नजर आती है, लेकिन कुछ लोग जानबूझ कर आंखें बंद कर लेते हैं।
कांग्रेस ने उदयपुर में चल रहे चिंतन शिविर में एक परिवार एक टिकट की पॉलिसी बनाने के साथ ही यह फैसला लिया है कि यदि एक परिवार के दो लोग लगातार पांच सालों तक सक्रिय रहे हैं तो दोनों को टिकट देने पर विचार किया जा सकता है, इस पर अनिल विज ने कहा कि गांधी परिवार को कनसेशन देने के लिए यह फार्मूला बनाया गया है।