Haryana : अभय चौटाला ने हरियाणा सरकार के गिनाए 9 घोटाले, लगाए बड़े आरोप?
ब्यूरो: इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव और ऐलनाबाद से विधायक अभय चौटाला ने बुधवार को मीडिया से बात की। इस दौरान अभय चौटाला ने खट्टर सरकार पर 9 बड़े आरोप लगाए।
अभय चौटाला ने खट्टर सरकार के 9 साल पूरे होने पर 9 बड़ी उपलब्धियां की बात पर तंज कसते हुए कहा कि सीएम ने कहा था कि जो काम 47 साल में नहीं हुआ वो हमारी सरकार ने 9 साल में किया है। ऐसे कौन से काम हैं उनकी जानकारी जनता को भी होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रदेश के 9 घोटालों के बारे में भी बताया और कहा कि उनकी जांच और फिर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
इन 9 घोटालों का लगाया आरोप
धान में नमी के नाम पर 250 300 रुपये काटना। दूसरा शराब घोटाला। तीसरा घोटाला जमीन की रजिस्ट्री में हुआ है। लोगों से गजों के हिसाब पैसा वसूला जाता है और वो पैसा ऊपर तक जाता है। पेपर लीक घोटाला बहुत बड़ा घोटाला है। कुछ लोग पेपर लीक कर बेचते हैं और उसका पैसा सरकार तक पहुंचता है।
राइस मिल में बिहार और उड़ीसा से मोटा चावल सस्ते में खरीदा जाता है। उसे यहां महंगे दामों में बेचा जाता है, यह भी एक घोटाला है। ट्रांसफर में भी घोटाला होता है, जरुरतमंद लोगों को ट्रांसफर नहीं मिलता, जबकि कुछ लोग मनपंसद की जगह पर ट्रांसफर ले लेते हैं और खूब लूट करते हैं।
बारिश से खराब हुई फसलों को लेकर सीएम ने मुआवजा देने की बात कही थी, लेकिन किसानों को आज तक मुआवजा नहीं मिला। सरकार कहती है कि हम 14 फसलों को एमएसपी पर खरीदते हैं, लेकिन हरियाणा में धान करीब 2100 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीदी जाती है जबकि छत्तीसगढ़ में धान का रेट 2600 रुपए प्रति क्विंटल ये ज्यादा है।
वहीं इसके अलावा अभय चौटाला ने करनाल में आयोजित अमित शाह की रैली पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि करनाल रैली में प्रदेश के लोग तो नहीं जाएंगे। पंचायतों ने इनका बायकाट कर दिया है। अब इन लोगों ने सरकारी दफ्तरों के कर्मचारियों और एचकेआरएन को रैली में जाने आदेश दिए हैं। साथ ही डिपो धारकों को भी रैली में आने के आदेश दिए गए हैं।
- PTC NEWS