Fri, Jun 20, 2025
Whatsapp

हरियाणा विधानसभा, हाईकोर्ट और सचिवालय के लिए नई सुरक्षा व्यवस्था का प्रस्ताव, 2 माह में कार्य पूरे करने के निर्देश

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने विधानभवन के विश्व धरोहर के तौर पर संरक्षण के लिए चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

Reported by:  PTC News Desk  Edited by:  Rahul Rana -- July 27th 2023 04:51 PM
हरियाणा विधानसभा, हाईकोर्ट और सचिवालय के लिए नई सुरक्षा व्यवस्था का प्रस्ताव, 2 माह में कार्य पूरे करने के निर्देश

हरियाणा विधानसभा, हाईकोर्ट और सचिवालय के लिए नई सुरक्षा व्यवस्था का प्रस्ताव, 2 माह में कार्य पूरे करने के निर्देश

चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने बुधवार को विधान भवन के विश्व धरोहर के तौर पर संरक्षण के लिए चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान विधान भवन में चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा कार्यों में देरी के लिए अफसरों से जवाबतलब किया गया। बैठक में परिसर और इसके रास्तों के आसपास की गई बाड़बंदी पर भी जवाब मांगा गया। इस पर चंडीगढ़ के मुख्य वास्तुकार ने बताया कि प्रशासन पूरे कैपिटल कॉम्पलैक्स की सुरक्षा के लिए नई व्यवस्था विकसित करने की योजना बना रहा है, जिसमें इस बाड़बंदी पर भी काम होगा। 

यहां विधानसभा हाईकोर्ट एवं सचिवालय के लिए सांझा सुरक्षातंत्र बनाने का प्रस्ताव है। इसको लेकर विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता जल्द हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस और सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि हरियाणा विधान सभा ऐसे शहर में स्थापित हैं, जो एक केंद्र शासित प्रदेश होने के साथ-साथ दो प्रदेशों की राजधानी भी है। विधान भवन को यूनेस्को ने विश्व धरोहर की सूची में शामिल किया है। ऐसे में इस भवन का रखरखाव और सौंदर्यीकरण अपने आप में अनूठा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यहां 2018 वर्ल्ड हैरिटेज कमेटी आई थी। तब से यहां जीर्णोद्धार कार्य चल रहे हैं। कार्य की यह गति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने सदन में अग्निशमक प्रणाली स्थापित न किए जाने पर कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में आगजनी जैसी आपात स्थिति को लेकर जागरुकता बढ़ी है। ऐसे में जहां कानून बनते हैं, वहीं अग्निशमन प्रणाली स्थापित न होना घोर लापरवाही दर्शाता है। इस पर मुख्य अभियन्ता सीबी ओझा ने सभी कार्यों के लिए समय सीमा बताई। उन्होंने कहा कि सभी कार्य 2 माह के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे। 


उन्होंने बताया कि पोस्ट ऑफिस के नीचे शौचालय बनाने का कार्य 20 अगस्त तक पूरा कर दिया जाएगा। ट्राई जंक्शन से हरियाणा विधानसभा तक इंटरलॉक टाइलें लगाकर फुटपाथ बनाने का कार्य अलॉट किया जा चुका है, इस पर 10 अगस्त से कार्य शुरू हो जाएगा। विधानसभा परिसर तथा उसके आसपास के एरिया को ब्यूटीफाई करने के लिए जल्द नई क्यारियां बनाई जाएंगी तथा यहां साल में तीन बार खिलने वाले फूल लगाए जाएंगे। सभी तल के बरामदों में फर्श की मुरम्मत 2 माह में पूरी हो जाएगी। विधान सभा की कैन्टीन तथा कुछ कमरों में फाल्स सीलिंग का कार्य भी जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। 

बैठक में बरसात के सीजन में दूसरी मंजिल के कमरों की छत टपकने पर भी संज्ञान लिया गया। इसको लेकर विधान सभा सचिवालय की ओर से चंडगढ़ प्रशासन को अनेक पत्र भी लिखे जा चुके हैं। इस पर मुख्य अभियन्ता सीबी ओझा ने बताया कि पूरी छत की सिरे से वाटर प्रूफिंग की जाएगी। गत 7 और 8 जुलाई को तेज बारिश के कारणए बैसमेंट स्थित ब्रांचों में पानी चला गया था। यूटी के अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए भवन के साथ से ड्रेन का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही जानकारी दी कि सभी बाथरूमों में फर्श निर्माण का काम पूरा कर लिया गया है।

हरियाणा एमएलए हॉस्टल की चारदिवारी के रखरखाव और पेड़ टूटने पर भी जवाब मांगा गया। यहां के सौंदर्यीकरण के लिए बताया गया कि यहां सफेदे की जगह अन्य सुंदर व उपयोगी पौधे लगाए जाएंगे। विधान भवन और एमएलए हॉस्टल में बरसाती पानी के ठहराव की समस्या का निराकरण के लिए नई रोड गली बनाई जाएंगी। बैठक में चंडीगढ़ यूटी प्रशासन के मुख्य वास्तुकार कपिल सेतिया, अधीक्षक अभियन्ता जिगना के. संघाड़िया, अधीक्षक अभियन्ता रणजीत सिंह, वरिष्ठ वास्तुकार राजीव मेहता भी मौजूद रहे।

- PTC NEWS

Top News view more...

Latest News view more...

PTC NETWORK