Haryana: प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों को किया जाएगा सम्मानित, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला होंगे मुख्य अतिथि
चंडीगढ़: चंडीगढ़ एंड हरियाणा जर्नलिस्ट यूनियन (सीएचजेयू) की ओर से 15 अक्टूबर को पंचकूला स्थित लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में मीडिया के समक्ष चुनौतियां विषय पर एक राज्य स्तरीय संगोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
संगोष्ठी में वरिष्ठ संपादक रमेश विनायक, नरेश कौशल और सतनाम सिंह माणक मुख्य वक्ता होंगे। इस राज्य स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला होंगे, जबकि राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा अध्यक्षता करेंगे।

आईजेयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. श्रीनिवास रेड्डी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रेस कौंसिल के पूर्व सदस्य एस. एन. सिन्हा व आईजेयू के राष्ट्रीय महासचिव बलविंदर सिंह जम्मू इस कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि होंगे।

यह जानकारी देते हुए सीएचजेयू के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह बराड़ और प्रदेश चेयरमैन बलवंत तक्षक ने बताया कि पत्रकारिता के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले प्रदेश के कुछ वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित भी किया जाएगा। समारोह में प्रदेश भर के पत्रकार हिस्सा लेंगे और तकनीकी युग में तेजी से बदलते परिवेश में मीडिया की भूमिका पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
- PTC NEWS