महाराष्ट्र भूस्खलन: अब तक 22 शव बरामद, सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी
ब्यूरो : राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने शनिवार को रायगढ़ के भूस्खलन प्रभावित इरशालगढ़ में अपना खोज और बचाव अभियान जारी रखा। हालिया अपडेट के मुताबिक, साइट से 22 शव बरामद किए गए हैं। एनडीआरएफ की एक टीम आज सुबह घटनास्थल पर पहुंची और आज बाद में इसकी और टीमों के खोज अभियान में शामिल होने की उम्मीद है।
इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे आज पास के एक मंदिर में भूस्खलन प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कल त्रासदी स्थल का दौरा किया और राहत एवं बचाव प्रयासों का जायजा लिया। अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।
घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री शिंदे से बात की। शाह ने कहा कि बचाव अभियान को अंजाम देने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की चार टीमों को तैनात किया गया है।
एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने कहा, "हमने अपने तीन कुत्तों के साथ एक खोज और बचाव अभियान चलाया और हमारे एक कुत्ते ने आज दो शवों का पता लगाया। हम कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं और अपनी नवीनतम मशीनरी को (भूस्खलन प्रभावित) साइट पर नहीं ले जा सकते।"
महाराष्ट्र में लगातार बारिश के कारण आईएमडी ने मुंबई के कई जिलों में 'रेड' अलर्ट और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है।
आपको बता दें कि महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन के कारण लगभग 50 घरों में से 17 जमींदोज हो गए हैं।अधिकारियों ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित इरशालवाड़ी गांव में बचाव और खोज अभियान फिर से शुरू कर दिया, जहां एक विनाशकारी भूस्खलन ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया।
गौरतलब है कि बुधवार रात करीब 11 बजे मुंबई से लगभग 80 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के तटीय जिले खालापुर तहसील के अंतर्गत पहाड़ी ढलान पर स्थित इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन हुआ। 228 की आबादी वाला यह गांव बुरी तरह प्रभावित हुआ।
अभी तक 119 ग्रामीणों का पता नहीं चल पाया है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इनमें वे लोग भी शामिल हैं जो किसी शादी में शामिल होने या धान की रोपाई के काम में शामिल होने के लिए गांव से दूर थे। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के कारण गांव के लगभग 50 घरों में से 17 जमींदोज हो गए।
- PTC NEWS