जापानी प्रधानमंत्री 2 दिवसीय दौरे पर दिल्ली पहुंचे, भारत में 42 अरब डॉलर निवेश की घोषणा संभव
जापान के पीएम का ये दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। किशिदा अपनी यात्रा के दौरान भारत में जापानी कंपनियों द्वारा प्रत्यक्ष निवेश बढ़ाने और क्षमता विस्तार की घोषणा कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के दौरान किशिदा लगभग 300 अरब येन के ऋण पर सहमति जता सकते हैं।
दोनों देशों के बीच कार्बन कटौती से संबंधित ऊर्जा सहयोग दस्तावेज पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। इसके साथ ही किशिदा भारत में 5,000 अरब येन (42 अरब अमेरिकी डॉलर) के निवेश की घोषणा भी कर सकते हैं। यह निवेश अगले पांच सालों में किया जाएगा।
भारत के बुनियादी ढांचे और हाई स्पीड रेलवे प्रोजेक्ट में मदद कर रहा जापान
जापान इस समय भारत के शहरी बुनियादी ढांचे के विकास के साथ ही जापान की शिनकानसेन बुलेट ट्रेन प्रौद्योगिकी पर आधारित एक उच्च गति रेलवे परियोजना के लिए मदद कर रहा है। प्रधानमंत्री किशिदा एक आर्थिक सम्मेलन के दौरान सार्वजनिक-निजी वित्त पोषण की घोषणा करने वाले हैं। प्रमुख व्यापारिक समाचार पत्र ने कहा कि किशिदा अपनी यात्रा के दौरान भारत में जापानी कंपनियों द्वारा प्रत्यक्ष निवेश बढ़ाने और क्षमता विस्तार की घोषणा भी कर सकते हैं।