पंजाब का मान बढ़ा रहे अरायजीत सिंह; हॉकी जूनियर वर्ल्ड कप के लिए प्रदेश से चुने गए इकलौते खिलाड़ी

By  Vinod Kumar November 27th 2021 06:11 PM -- Updated: November 27th 2021 06:31 PM

चंडीगढ़: 24 नवंबर से लेकर 5 दिसंबर तक ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले पुरुष हॉकी जूनियर व‌र्ल्ड कप में अरिजीत सिंह हुंदल अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। हॉकी जूनियर विश्व कप में भारतीय टीम के लिए खेलने वाले पंजाब के एकमात्र खिलाड़ी हैं। पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रमजीत मजीठिया ने कहा कि मैं भारतीय टीम और अरिजीत सिंह को इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार सफलता हासिल करने के लिए शुभकामनाएं देता हूं।

यह भी बता दें कि टीम इंडिया ने गुरुवार को अपने से कमजोर रैंकिंग वाली कनाडा को एकतरफा मुकाबले में 13-1 के बड़े अंतर से हराया। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेजबान भारत ने संजय और अरिजीत सिंह हुंदल की हैट्रिक के दम पर कनाडा को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।

मैच की बात करें तो भारत पूरे समय कनाडा पर हावी रहा। टीम को 11 पेनाल्टी कॉर्नर मिले, जिसमें उसने छह को गोल में तब्दील किया। भारत को अब अगला मुकाबला शनिवार को पोलैंड के खिलाफ खेलना है और उससे पहले मिली जीत से खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़ेगा। भारत की यह टूर्नामेंट में पहली जीत है। इससे पहले भारतीय टीम को पहले मुकाबले में फ्रांस के हाथों 5-4 से हार का सामना करना पड़ा था।

18 सदस्यीय भारतीय टीम में अरिजीत सिंह हुंदल के अलावा अन्य खिलाड़ियों में शारदानंद तिवारी, प्रशांत चौहान, सुदीप चिरमाको, राहुल कुमार राजभर, मनिंदर सिंह, पवन, विष्णुकांत सिंह, अंकित पाल, उत्तम सिंह, सुनील जोजो, मनजीत, रबीचंद्र सिंह मोइरंगथेम, अभिषेक लाकड़ा, यशदीप सिवाच, गुरमुख सिंह, विवेक सागर और संजय शामिल हैं।

Related Post