वंदे भारत रेल का सीएम मनोहर लाल ने चंडीगढ़ में किया स्वागत, कहा: प्लेन जैसा है इसका सफर

By  Vinod Kumar October 13th 2022 03:32 PM -- Updated: October 13th 2022 04:40 PM

चंडीगढ़/अभिषेक तक्षक: वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat train) का मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वागत किया। इसके साथ ही उन्होंने चंडीगढ़ से अंबाला तक का सफर भी किया। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, स्थानीय सांसद रत्नलाल कटारिया समेत कई मंत्री, विधायक और अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।

इस दौरान सीएम मनोहर लाल (CM Manohar Lal) ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में 75 ऐसी ट्रेन चलाने का केंद्र सरकार ने फैसला किया है। इससे देश की प्रगति को नई दिशा मिलेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर हवाई जहाज़ जैसा है। ट्रेन में यात्रियों के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। महज कुछ समय में चंडीगढ़ से अंबाला तक का सफर किया जा सकता है। हरियाणा के यात्रियों को इससे फायदा होगा। हरियाणा के यात्री दिल्ली और हिमाचल के लिए सफर कर सकेंगे। उन्होंने वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए पीएम मोदी का आभार जताया।

बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने आज ऊना रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई वंदे भारत ट्रेन हिमाचल प्रदेश के अंब-अदौरा से नई दिल्ली के बीच तक चलेगी। 19 अक्टूबर से लोग इस ट्रेन की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। यह ट्रेन चंडीगढ़, अंबाला और कुरुक्षेत्र के रास्ते दिल्ली जाएगी।

इस ट्रेन से चंडीगढ़ और दिल्ली के बीच का सफर भी आसान हो जाएगा। वंदे भारत महज 2 घंटे 50 मिनट में चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचाएगी। नई वंदे भारत ट्रेन की अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रतिघंटा है। अभी शताब्दी एक्सप्रेस चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच यात्रा में करीब साढ़े तीन घंटे का समय लेती है। वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली-ऊना का सफर लगभग साढ़े पांच घंटे में ही पूरा कर लेगी। यह ट्रेन अंबाला, चंडीगढ़ और आनंदपुर साहिब स्टेशन पर दो मिनट के लिए रुकेगी।

Related Post