खेलो इंडिया गेम्स: 14 साल की उन्नति हुड्डा ने जीता गोल्ड, हरियाणा पदक तालिका में पहले स्थान पर

By  Vinod Kumar June 7th 2022 05:54 PM -- Updated: June 7th 2022 06:19 PM

पंचकूला: खेलो इंडिया गेम्स में उन्नति हुड्डा ने मंगलवार को बैडिमिंटन के फाइनल मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल पक्का किया। उन्नति हुड्डा ने गोल्ड जीतकर कबड्डी और वॉलीबॉल के फाइनल में लड़कों को मिली हार की भरपाई कर दी।

पूर्व विश्व जूनियर नंबर 1 तस्नीम मीर के खिलाफ पहला सेट 9-21 से गवां दिया। दूसरे सेट में भी उन्नति 11-18 से पीछे थीं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और धैर्यपूर्ण खेल दिखाया। उन्नति ने एक एक भाग्यशाली नेट-कॉर्ड सहित चार मैच अंक बचाए जिससे उसे दूसरा गेम जीतने में मदद मिली। अंतिम सेट में तस्नीम अपनी लय बरकरार नहीं रख सकी। 47 मिनट चले इस मुकाबले को उन्नति ने 9-21, 23-21, 21-12 के अंतर से जीता। बता दें कि हरियाणा की रहने वाली 14 साल की उन्नति हुड्डा उबेर कप टीम में जगह बनाने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय खिलाड़ी हैं।



पुरुष वर्ग में कबड्डी के फाइनल मुकाबले में हरियाणा और हिमाचल के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली। पहले हाफ में हिमाचल के डिफेंडर ने हरियाणा के रेडर्स को खूब छकाया और 16-15 से आगे रहे। वहीं सेकेंड हाफ में हरियाणा ने अपनी बढ़त बनाई और एक के बाद एक पॉइंट हासिल करते हुए बड़ी लीड बनाई, लेकिन हिमाचल में हार न मानते हुए न केवल लीड को तोड़ा बल्कि मैच को टाई पर लाकर खड़ा कर दिया।



फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों का स्कोर 34-34 रहा, लेकिन टाई ब्रेकर में हिमाचल प्रदेश ने हरियाणा को 5-6 के अंतर से हराकर गोल्ड जीत लिया। दर्शकों ने हर एक रेड का मजा उठाया और रेड के दौरान रेडर्स को खूब चियर्स किया। अंत तक दर्शक मुकाबला देखने के लिए डटे रहे।



पदक तालिका में हरियाणा 20 स्वर्ण पदकों के साथ पहले नंबर पर काबिज है। गत चैंपियन महाराष्ट्र 18 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। मणिपुर भी महाराष्ट्र को कड़ी टक्कर दे रहा है। मणिपुर 12 पदकों के साथ तीसरे नंबर पर है।

 

Related Post