गैस सिलेंडर बुकिंग सिस्टम में हुआ बदलाव, अब 21 दिन से पहले बुक नहीं होगा दूसरा सिलेंडर

घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग से जुड़े नियमों में बदलाव किया गया है. अब बुकिंग का समय 15 दिन से बढ़ाकर 21 दिन कर दिया गया है यानी अब एक सिलेंडर मिलने के बाद दूसरे सिलेंडर की डिलीवरी के बीच 21 दिन का अंतर होगा

By  Baishali March 8th 2026 04:13 PM

ब्यूरो:  घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग से जुड़े नियमों में बदलाव किया गया है. अब बुकिंग का समय 15 दिन से बढ़ाकर 21 दिन कर दिया गया है यानी अब एक सिलेंडर मिलने के बाद दूसरे सिलेंडर की डिलीवरी के बीच 21 दिन का अंतर होगा. एजेंसियों के सॉफ्टवेयर को तुरंत अपडेट कर दिया गया है ताकि यह नया नियम लागू हो सके. हालांकि, बुकिंग का तरीका पहले जैसा ही है. ग्राहक चाहें तो सिलेंडर मिलते ही अगली बुकिंग कर सकते हैं. हालांकि, मंत्रालय इस पर भी विचार कर रहा है कि आगे चलकर बुकिंग सिर्फ 21 दिन बाद ही की जा सके. अगर यह नया नियम लागू होता है, तो आपको अगला सिलेंडर तभी बुक करने की अनुमति होगी, जब पहले वाले सिलेंडर को मिले 21 दिन पूरे हो जाएं.

तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के लिए पहले ही कुछ नियम बनाए हुए हैं. जिसके मुताबिक, हर उपभोक्ता साल में 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर ही ले सकता है. इसके अलावा 3 सिलेंडर बिना सब्सिडी के ले सकता है. इस तरह 1 अप्रैल से 31 मार्च के बीच एक गैस कनेक्शन पर कुल 15 सिलिंडर ही खरीदे जा सकते हैं.

तेल कंपनियों ने निर्देश दिया है कि बुकिंग के 24 घंटे के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी होनी चाहिए. इससे उपभोक्ताओं को काफी सुविधा मिलती है.

अब एक नया नियम लागू किया गया है कि दूसरा सिलिंडर पहले सिलेंडर के मिलने के 21 दिन बाद ही दिया जाएगा. इसके लिए एजेंसी के सॉफ्टवेयर में लॉक लगा दिया गया है. हालांकि, सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है. उपभोक्ताओं से कहा गया है कि वे परेशान न हों. सभी को पर्याप्त सिलेंडर मिलते रहेंगे. इस हफ्ते बॉटलिंग प्लांट रविवार को भी काम करेगा, ताकि सप्लाई में कोई दिक्कत न आए.

दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 7 मार्च से 115 रुपये बढ़ा दी गई है. अब दिल्ली में यह सिलिंडर 1,883 रुपये में मिलेगा. यह बढ़ोतरी अप्रैल 2025 में हुई कीमत बढ़ोतरी के बाद की नई बढ़ोतरी है. वहीं मुंबई, जो देश की आर्थिक राजधानी है, वहां 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर अब 1,835 रुपये का मिलेगा.

Related Post