सरपंचों के प्रदर्शन के बीच देबेंद्र बबली का बयान, कहा: सरकार व्यक्ति विशेष नहीं जनता की होती है

हरियाणा में सरपंचों के बीच ऑनलाइन टेंडर प्रणाली को लेकर गुस्सा है। प्रदेश भर में सरपंच अपना विरोध जता रहे हैं। इसी पर पंचायती राज मंत्री देवेंद्र बबली ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार व्यक्ति विशेष नहीं जनता की होती है। देवेंद्र बबली ने कहा है कि सरकार जो बदलाव ला रही है वो बदलाव जनता की सुविधा के लिए हैं।

By  Vinod Kumar January 17th 2023 06:41 PM

चंडीगढ़: हरियाणा में पंचायती राज संस्थान में हो रहे बदलावों को लेकर इन दिनों सरपंचों में नाराजगी देखी जा रही है। ऑनलाइन टेंडर प्रणाली को लेकर सरपंचों में गुस्सा है और इसी पर पंचायती राज मंत्री देवेंद्र बबली ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार व्यक्ति विशेष नहीं जनता की होती है।

देवेंद्र बबली ने कहा है कि सरकार जो बदलाव ला रही है वो बदलाव जनता की सुविधा के लिए हैं। सरपंचों की तरह मैं खुद भी एक जनप्रतिनिधि हूं और हम सब जनता के सेवक हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि की ताकतों में कुछ भी बदलाव नहीं हुआ है, सिर्फ प्रणाली को बदला गया है। उन्होंने कहा कि पहले जो काम मैनुअल ढंग से होते थे, अब वह एक सॉफ्टवेयर के जरिए होंगे। 

देवेंद्र बबली ने कहा कि सभी कार्यों की जवाबदेही सरपंच, ग्राम सचिव, एसडीओ और एक्सईएन की होगी। उन्होंने कहा कि पुरानी प्रणाली में बदलाव जनता की भलाई के लिए किया गया है। प्रदेश में जहां भी ग्राम विकास से जुड़ा टेंडर लगेगा और जहां भी काम होगा, उस स्थान पर बोर्ड लगाया जाएगा, जिसमें काम से जुड़ी जानकारी रहेगी जैसे कार्य का नाम, उसमें कितने पैसे लगे, उसकी टेंडर आईडी और कौन-कौन ओथॉरिटी शामिल थी। 

अपने बयान में पंचायती राज मंत्री ने कहा कि सरकार जनता की होती है और जनता के लिए होती है। वह किसी एक व्यक्ति विशेष की नहीं होती। प्रणाली में बदलाव जनता की सुविधा के लिए है, ताकि और पारदर्शिता आ सके।


Related Post