Parliament Security Breach: संसद के बाहर हंगामा करने वाली महिला हरियाणा की, राजनीति में है रुचि, HCS की कर रही तैयारी

संसद हमले की 22वीं बरसी के दिन लोकसभा में बुधवार को घुसपैठ हुई। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन दो लोगों में एक महिला और दूसरा पुरुष है। महिला की पहचान हरियाणा के हिसार की नीलम के रूप में हुई है।

By  Rahul Rana December 13th 2023 03:19 PM

हिसार: संसद हमले की 22वीं बरसी के दिन लोकसभा में बुधवार को घुसपैठ हुई।  इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।  इन दो लोगों में एक महिला और दूसरा पुरुष है।  महिला की पहचान हरियाणा के हिसार की नीलम के रूप में हुई है।  


जानकारी के अनुसार महिला ने संसद के बाहर हंगामा किया था।  महिला की पहचान नीलम पुत्री कौर सिंह निवासी रेड स्क्वेयर मार्केट, हिसार के रूप में हुई है। महिला 42 साल की है।  हिसार के रेड स्क्वायर मार्केट के पीछे स्थित पीजी में नीलम रहती है। यहां पर पीजी में रहकर हरियाणा सिविल सर्विस तैयारी वह कर रही है। बताया जा रहा है कि 25 नवंबर को पीजी से घर जाने की कहकर नीलम यहां से गई। नीलम मूल रूप से जींद जिले के घसो कला की रहने वाली है। पीजी में रहने वाली छात्रा ने बताया कि नीलम राजनीति में बहुत रुचि रखती थी। 


आपको बता दें कि आज यानि बुधवार को ससंद की कार्रवाई चल रही है। इस दौरान दर्शक दीर्घा में भी लोग बैठे हुए थे। इन लोगों में से दो लोग उठे और गैलरी से सांसदों की सीटों की तरफ कूद गए। इस दौरान एक शख्स ने जूता निकाला और उसमें से कुछ स्प्रे लोकसभा के अंदर कर दिया। इससे चारों तरफ पीले रंग का धुआं फैल गया। इसी तरह प्लानिंग के तहत संसद के बाहर भी पीले रंग का स्प्रे किया गया। यहां एक पुरुष और महिला ने हंगामा किया। फिलहाल, दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 


Related Post