मथुरा में 581 किलो गांजा खा गए चूहे, कोर्ट में पुलिस की रिपोर्ट देखकर जज साहब में रह गए हैरान

By  Vinod Kumar November 24th 2022 02:28 PM

मथुरा: कुछ दिन पहले बिहार से एक चौकाने वाली खबर सामने आई थी। खबर में बताया गया था कि चूहों ने मालखाने में रखी हजारों लीटर शराब गटक ली, लेकिन यूपी के मथुरा में चूहे बिहार के चूहों से एक कदम आगे निकल गए। मथुरा के चूहे 581 किलो गांजा खा गए। 

पुलिस ने खुद अपनी रिपोर्ट में कोर्ट को बताया कि इन चूहों में पुलिस का कोई डर नहीं है। ये चूहे लाखों रुपए का गांजा खा गए हैं और पुलिस इनके सामने सरेंडर कर चुकी है। अब एडीजे सप्तम संजय चौधरी की कोर्ट ने 26 नवंबर की तारीख साक्ष्यों सहित पेश करने के लिए तय की है। लापरवाही तो पुलिस की है, लेकिन बदनाम चूहे हो रहे हैं।


दरअसल मथुरा के थाना शेरगढ़ के तहत पुलिस ने 386 किलो गांजे की खेप पकड़ी थी। वहीं,  2018 में थाना हाइवे के तहत पुलिस ने 195 किलो गांजे की खेप बरामद की थी। गांजे को जब्त कर इसे थाने के मालखाने में सबूत के तौर पर रखा गया था, लेकिन कोर्ट में पुलिस ने कहा कि ये गांजा चूहे हजम कर गए। इस रिपोर्ट को देखकर जज भी हैरान रह गए। एडीजे की कोर्ट ने दोनों ही थाना प्रभारियों को इस मामले के साक्ष्य कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए हैं। वहीं एसएसपी को भी चूहों से निपटने के निर्देश दिए हैं।

न्यायालय के आदेश के बाद एसएसपी मथुरा ने सीओ को गांजे के मामले में जांच करने के आदेश दिए, लेकिन जांच के बावजूद भी गांजा बरामद नहीं हो सका। वहीं, दोनों थानाध्यक्षों ने मामले में किरकिरी होते देख अपने सुर बदल लिए। अधिकारियों ने कहा कि गांजा चूहों ने नहीं खाया है, बरामद किया गांजा मालखाने में पानी भरने के कारण नष्ट हो गया था।


Related Post