फरार चल रहे सपा विधायक इरफान सोलंकी ने किया सरेंडर, महिला के घर में आग लगाने का आरोप

By  Vinod Kumar December 2nd 2022 01:08 PM

कानपुर: कई दिनों से फरार चल रहे समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के नेता और कानपुर से विधायक इरफान सोलंकी ने अपने भाई रिजवान सोलंकी के साथ शुक्रवार को कमिश्नर ऑफिस में सरेंडर कर दिया है। इससे पहले तस्वीरों में उन्हें मुंबई में देखा गया था।  

पिछले महीने इरफान सोलंकी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया था। आरोप है कि जमीनी विवाद के चलते उन्होंने एक महिला को कथित तौर पर परेशान किया और उसके घर में आग लगा दी। महिला की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ 8 नवंबर को केस दर्ज किया गया था। इसके बाद सपा विधायक फरार चल रहे हैं। आज उन्होंने सरेंडर कर दिया। दो सप्ताह पहले उनके खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी किया गया था।

 गैर जमानती वॉरंट जारी होने के बाद इरफान ने जिला जज की अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी। वहीं, फरार चल रहे इरफान सोलंकी की गिरफ्तारी ना होने से कानपुर पुलिस सवालों के घेरे में थी। कानपुर पुलिस ने इरफान सोलंकी की गिरफ्तार के लिए उनके रिश्तेदारों से भी पूछताछ की थी, लेकिन आज इरफान सोलंकी ने सरेंडर कर दिया।

जाजमऊ थाना क्षेत्र स्थित डिफेंस कॉलोनी में रहने वाली पीड़ित महिला बेबी नाज ने शिकायत में कहा था कि प्लॉट उनके पिता का था। पिता के निधन के बाद इस प्लॉट पर उनका कब्जा है। यहां उनका परिवार प्लाट में छप्पर डालकर रहता है। बेबी नाज ने आरोप लगाया था कि सपा विधायक और उनके भाई प्लॉट पर कब्जा करना चाहते थे। 7 नवंबर को विधायक और उनके भाई ने झोपड़ी में आग लगा दी।  

 


Related Post