PTC News
Search

ठंड के मौसम में आंदोलन कर टीचर्स मांग रहे स्कूली छात्र, एग्जाम को बचे बस 2 महीने

फतेहाबाद में बरसीन गांव के सरकारी स्कूल में गणित, विज्ञान और हिंदी के अध्यापकों की मांग को लेकर छात्रों ने लघु सचिवालय और डीसी कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। छात्रों ने बताया कि बरसीन के राजकीय उच्च विद्यालय में पिछले 4-5 महीनों से गणित, साइंस और हिंदी के अध्यापकों के पद खाली हैं।

By  Vinod Kumar December 27th 2022 04:21 PM -- Updated: December 27th 2022 06:00 PM

फतेहाबाद/साहिल रुखाया: गांव बरसीन के सरकारी स्कूल में गणित, विज्ञान और हिंदी के अध्यापकों की मांग को लेकर आज बच्चे ठंड के मौसम में लघु सचिवालय पहुंचे और डीसी कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। इससे पहले बीती शाम हड्डियां कंपा देने वाली ठंड के बीच बच्चों ने पूरे गांव में पैदल मार्च निकाला। 

छात्रों ने बताया कि बरसीन के राजकीय उच्च विद्यालय में पिछले 4-5 महीनों से गणित, साइंस और हिंदी के अध्यापकों के पद खाली हैं। इसके साथ-साथ सफाई कर्मचारी भी नहीं है। अब परीक्षाओं में केवल 2 महीने बाकी हैं, ऐसे में दसवीं के विद्यार्थियों समेत सभी अन्य कक्षाओं के बच्चों के लिए परीक्षा में बैठ पाना बहुत मुश्किल होगा। 

स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों ने बताया कि एक ओर तो सरकार और प्रशासन कह रहा है कि 1 जनवरी से होने वाले सर्दियों की छुट्टियों में भी 10वीं और 12वीं के बच्चों को पढ़ाया जाएगा,  जबकि दूसरी ओर कई महीनों से विज्ञान और गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों के अध्यापक ही स्कूल में नहीं है।

इससे पहले भी गांव के स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग कई बार उच्च अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक हालात नहीं सुधरे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि आने वाले समय में सरकारी स्कूल में अध्यापकों का प्रबंध नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज करेंगे।  

Related Post