हिमाचल में दो सीमेंट फैक्ट्रियों पर लटके ताले, अडानी ग्रुप की ACC कंपनी ने भी काम किया बंद

By  Vinod Kumar December 15th 2022 01:27 PM

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बरमाणा स्थित ACC सीमेंट की फैक्ट्री और सोलन के दाड़लाघाट में अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई है। फैक्ट्री पर ताला लगने से लगभग 15 हजार लोग प्रभावित होंगे। इन परिवारों के आगे रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। 

अंबुजा सीमेंट प्लांट बंद होने से हिमाचल में सीमेंट का संकट गहरा सकता है। यहां से कई थोक विक्रेताओं को सीमेंट की सप्लाई होती है। अचानक प्लांट बंद होने से सप्लाई भी रोक दी गई है। इसके साथ ही कंपनी प्रंबंधन ने ऑर्डर भी रद्द कर दिए हैं। इससे हिमाचल में निर्माण कार्य भी प्रभावित हो सकते हैं। इसके साथ ही सीमेंट के रेट भी बढ़ सकते हैं। अब बाहरी राज्यों से सीमेंट खरीदना पड़ सकता है। बाहरी राज्यों से सीमेंट की सप्लाई शुरू होने से सीमेंट के रेट बढ़ सकते हैं। 

अंबुजा कंपनी प्रबंधकों ने अपने कर्मचारियों और कामगारों को आज से काम पर नहीं आने का फरमान जारी किया है। फैक्ट्री पर ताला लगाने के पीछे कंपनी ने घाटे का की बात कही है। कंपनी ने नोटिस में कहा है कि जब तक आर्थिक स्थिति में सुधार नहीं आता, तब तक कोई काम पर ना आए। कर्मचारी अगले आदेशों का इंतजार करें। सिर्फ आपातकालीन सेवाओं में लगे सुरक्षा कर्मचारी, बिजली व पानी जैसी सेवाओं वाले कर्मचारियों को ही आज काम पर आने को कहा गया है।

बताया जा रहा है कि बीते कई दिनों से दाड़लाघाट प्लांट में इस तरह की हलचल चल रही थी। अडानी समूह की एसीसी सीमेंट फैक्ट्री बरमाणा के प्लांट हेड ने बुधवार शाम को नोटिस जारी कर गुरुवार से फैक्ट्री में अनिश्चित काल के लिए सभी गतिविधियां बंद करने की घोषणा की है। एसीसी सीमेंट फैक्ट्री बरमाणा से जिला बिलासपुर और प्रदेश के करीब 3,800 ट्रक ऑपरेटर जुड़े हैं। फैक्ट्रियों के बंद होने से ट्रक ऑपरेटर्स के सामने एक बड़ा संकट पैदा हो गया है।

 ये फैक्ट्रियां कई हिमाचल में कई लोगों को रोजगार देती हैं।इन फैक्ट्रियों के बंद होने से रोजगार को लेकर संकट गहरा सकता है। फैक्ट्रियों के बंद होने के पीछे घाटे का तर्क दिया जा रहा है। इसके साथ ही हिमाचल में निर्माण कार्य प्रभावित हो सकते हैं। साथ ही  सीमेंट की किल्लत के कारण इसके दाम बढ़ सकते हैं

Related Post